गोरखपुर में पुलिस मुठभेड़ में दो चेन स्नेचर के पैर में लगी गोली,

गोरखपुर, 17 अगस्त । गोरखपुर के कैंट इलाके में रविवार देर रात पुलिस और चेन स्नेचरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों चेन स्नेचरों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक सिपाही भूपेंद्र यादव भी घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गगहा थाना क्षेत्र के देउरवीर गांव निवासी अजय उर्फ मंगरु और बेलीपार थाना क्षेत्र के कसिहार निवासी संजय के रूप में हुई है। दोनों चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि अजय के खिलाफ अलग-अलग थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं जबकि संजय के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि रविवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस को दोनों बदमाशों की शहर में मौजूदगी की सूचना मिली थी। आशंका थी कि दोनों किसी नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। मुखबिर से मिली सूचना के बाद कैंट पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की टीम ने पैडलेगंज के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।

इसी दौरान बाइक से जा रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के दौरान सिपाही भूपेंद्र यादव भी घायल हो गए। उन्हें भी इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो चेन, एक बाइक, एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश पहले भी चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। 20 जुलाई 2026 को एक महिला अपने पति के साथ सब्जी खरीदने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवकों ने महिला के गले से चेन छीन ली और फरार हो गए थे। महिला की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

बता दें कि, 29 जुलाई 2026 की सुबह एक महिला टहलने निकली थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके गले से चेन छीन ली और भाग गए थे। इस मामले में भी महिला की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter