उत्तराखंड: देहरादून पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया, लूट का सामान बरामद
राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। अपराधी के पैर में गोली लगने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

देहरादून, 19 अगस्त । राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। अपराधी के पैर में गोली लगने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, देहरादून पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान 27 वर्षीय आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है, जो देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ बसंत बिहार थाने में चैन स्नैचिंग का मुकदमा दर्ज था।
देहरादून पुलिस के अनुसार, देर रात्रि हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, स्कूटी चालक ने चेकिंग पॉइंट पर रुकने के बजाय भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने तुरंत बदमाश का पीछा शुरू कर दिया। बदमाश ने पीछा करने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को घायल कर दिया। मुठभेड़ के दौरान अपराधी के पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल होने पर उसे प्रेमनगर के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उचित इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इस मुठभेड़ के बाद अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जानकारी दी कि अपराधी के पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा, चोरी की स्कूटी और 14 अगस्त को चैन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चैन बरामद की गई।
इससे पहले, मंगलवार को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पुलिस ने हथियार लहराने और हुड़दंग करने वाले 5 आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की ओर से हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस पर ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हथियार लहराने व हुड़दंग करने वाले सभी पांच आरोपियों को अपनी गिरफ्त में लिया। उनके पास से अवैध हथियार बरामद किया गया। साथ ही, डीजे वाहन को सीज किया गया।
Source: IANS

