यूपी: शराब के नशे में पिता ने बेटी के सिर में मारी गोली, हुई मौत

लखनऊ, 21 अगस्त । उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक हैरान कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में एक पिता ने अपनी बेटी के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। यह घटना पीलीभीत के बीसलपुर के रामपुरा नौगवां गांव की है, जहां वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची बीसलपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतिका की पहचान 20 वर्षीय अंशिका गंगवार के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी पिता की पहचान अजयपाल गंगवार के तौर पर हुई है, जिस पर कहासुनी के दौरान अपनी बेटी को गोली मारने का आरोप है।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी बीसलपुर, पीलीभीत ने जानकारी दी कि शुक्रवार शाम 6 बजकर 10 मिनट में यूपी 112 पर एक सूचना प्राप्त हुई कि थाना बीसलपुर के गांव रामपुरा नौगवां के अंतर्गत एक पिता द्वारा नशे की हालत में अपनी पुत्री को गोली मार दी गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की, जहां मृतिका के परिवारवालों के द्वारा बताया गया कि अंशिका गंगवार (उम्र 20 वर्ष), पुत्री अजयपाल गंगवार, उस वक्त घर पर मौजूद थी, जब उसके पिता अजयपाल गंगवार शराब पीकर घर में आए। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच पिता ने अपनी पुत्री के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस घटना के बाद अजयपाल गंगवार मौके से फरार हो गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जा रही है। इसी के साथ अभियुक्त की तलाश के लिए लगातार पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter