ट्विशा शर्मा मामला: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दी दोबारा पोस्टमार्टम को मंजूरी, एम्स के डॉक्टर्स भोपाल आकर करेंगे जांच

जबलपुर, 22 मई । ट्विशा शर्मा मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला। आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने अग्रिम जमानत याचिका वापस लेने का फैसला किया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम को मंजूरी दी है, जिसमें दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स भोपाल आकर जांच करेंगे।

जानकारी के अनुसार आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने कोर्ट को बताया कि उनका मुवक्किल निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही कोर्ट का पूरा ध्यान अब दूसरे पोस्टमार्टम की याचिका पर केंद्रित हो गया है।

न्यायाधीश ने समय की गंभीरता को देखते हुए कहा कि दूसरे पोस्टमार्टम की मांग पर सबसे पहले सुनवाई की जानी चाहिए। कोर्ट में दूसरे पोस्टमार्टम की मांग को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

याचिकाकर्ता की तरफ से जहां दोबारा पोस्टमार्टम की जरूरत पर जोर दिया गया, वहीं दूसरी तरफ आरोपी पक्ष के वकील ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने तर्क दिया कि पहला पोस्टमार्टम पर्याप्त है और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करना चिकित्सा बिरादरी का अपमान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह मांग जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाने और डॉक्टरों की क्षमता पर अविश्वास जताने जैसा है। हालांकि, लंबी बहस के बाद कोर्ट ने सेकंड पोस्टमार्टम पर सहमति जता दी।

हाईकोर्ट में मौजूद एडवोकेट ने बताया कि हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही ट्विशा शर्मा की बॉडी को एम्स भोपाल में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली एम्स के डॉक्टर भोपाल आकर ट्विशा के शव का पोस्टमार्टम करेंगे।

वहीं सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कोर्ट में कहा कि दोबारा पोस्टमार्टम से कोई आपत्ति नहीं है।

दूसरी तरफ, समर्थ सिंह के वकील ने पहले अग्रिम जमानत को लेकर याचिका दायर की थी, जिसे अब वापस ले लिया गया है।

वकील ने कहा कि समर्थ सिंह भोपाल जिला अदालत में सरेंडर करेगा। वहीं गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को रद्द करने के लिए जो याचिका लगाई गई थी, वह सोमवार के लिए लिस्ट की गई है। इसमें नोटिस भी जारी हो गए हैं।

बता दें कि ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गईं थी। पुलिस के अनुसार, उन्हें कथित तौर पर 12 मई की रात लगभग 10:26 बजे घर की छत पर जिम्नास्टिक रिंग की रस्सी से लटका हुआ पाया गया था। उनका पोस्टमार्टम 13 मई को एम्स भोपाल के फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग में किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सी से फांसी लगाने को मौत का कारण बताया गया था।

एसएके/एबीएम

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement