दिल्ली में कैब चालक की 'ब्लाइंड मर्डर' की गुत्थी सुलझी, शाहदरा पुलिस ने नाबालिग समेत 3 को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 26 जुलाई । दिल्ली के शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ टीम और थाना कृष्णा नगर पुलिस ने कैब चालक की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी महज सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि चौथे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को कृष्णा नगर थाना पुलिस को रोड नंबर-57, मेट्रो पिलर नंबर-90 के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी एक मारुति वैगन-आर कार में चालक की सीट पर गंभीर रूप से घायल व्यक्ति मिला, जिसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। उसे तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय विजय कुमार, निवासी वेस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी शाहदरा के निर्देशन और एसीपी गांधी नगर की निगरानी में थाना कृष्णा नगर तथा स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें न्यू सीलमपुर तक ट्रैक किया। लगातार छापेमारी के बाद अयान (20), साहिल (19) और 17 वर्षीय एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया। चौथे आरोपी अमन की तलाश जारी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जाफराबाद के कुछ युवकों से दुश्मनी के चलते पहले चाकू का इंतजाम किया गया। बाद में चारों ने शराब पी और आसानी से पैसे कमाने के उद्देश्य से एक कैब चालक को लूटने की योजना बनाई। अमन ने अयान के मोबाइल फोन से ऑनलाइन कैब बुक की। चित्रा विहार रेड लाइट के पास आरोपियों ने चालक पर चाकू से हमला किया, कार लेकर फरार हो गए और बाद में ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास वाहन छोड़कर भाग निकले।

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, मारुति वैगन-आर कार, आरोपियों के कपड़े, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार अयान पहले भी लूट और झपटमारी के चार मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि साहिल के खिलाफ भी झपटमारी का एक मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच, फोरेंसिक विश्लेषण और प्रभावी टीमवर्क की बदौलत इस ब्लाइंड मर्डर केस का तेजी से खुलासा संभव हो सका। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement