घाटकोपर में दिल दहला देने वाली वारदात, पिता ने 9 महीने के मासूम को

मुंबई, 26 अक्टूबर । मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि 23 वर्षीय पिता जफर जहांगीर शेख ने 9 महीने के बेटे को रेलवे स्टेशन के स्काईवॉक से फेंक दिया। यह घटना 25 अक्टूबर की रात की है। इस वारदात में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया है और फिलहाल सायन अस्पताल के आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी 22 वर्षीय आरती शेख की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरती गृहिणी हैं और पति और बेटे के साथ घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पास रहती हैं। दोनों ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। हालांकि, पिछले करीब एक साल से पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि आरती की गर्भावस्था के दौरान ही उनके बीच तनाव शुरू हो गया था।

शिकायत के मुताबिक, जफर को व्हाइटनर सूंघकर नशा करने की आदत पड़ गई थी। आरोपी कपड़े बेचने का काम करता है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे आरती 9 महीने के बेटे के साथ घाटकोपर पश्चिम रेलवे स्टेशन के स्काईवॉक पर खड़ी थी। इसी दौरान वहां जफर पहुंचा और बच्चे को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा।

आरोप है कि जफर ने आरती की गोद से बच्चे को छीन लिया। उसने आरती के साथ गाली-गलौज की और उसे और बच्चे को स्काईवॉक से नीचे फेंकने की धमकी दी। आरती ने जब उससे बच्चे को वापस देने की गुहार लगाई, तो वह गुस्से में आ गया और मासूम को स्काईवॉक से फेंक दिया। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आरती तुरंत नीचे पहुंचीं, जहां बेटा खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसने बच्चे को उठाया और मदद के लिए गुहार लगाई।

सूचना मिलने पर घाटकोपर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को बेहतर इलाज के लिए सायन अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

पुलिस ने सायन अस्पताल में आरती का बयान दर्ज किया और आरोपी जफर जहांगीर शेख के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter