केतन मर्डर केस: सिया को लेकर लोहागढ़ किले पर पहुंची पुलिस, डमी बॉडी से दोहराया गया पूरा घटनाक्रम

पुणे, 28 जून । पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। मामले की सच्चाई और घटनाक्रम को समझने के लिए रविवार सुबह पुणे ग्रामीण पुलिस ने लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इसके लिए मुख्य आरोपी सिया गोयल को भी पुलिस घटनास्थल पर लेकर पहुंची।

लोणावला पुलिस ने जांच प्रक्रिया के तहत एक डमी बॉडी की मदद से पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सिया गोयल से घटना के बारे में जानकारी लेकर उसके बताए अनुसार घटनास्थल पर घटनाओं का क्रम समझने का प्रयास किया। क्राइम सीन रीक्रिएशन का उद्देश्य अब तक जुटाए गए साक्ष्यों का मिलान करना और जांच को मजबूत बनाना था।

मामले के जांच अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गजानन टोंपे ने बताया कि सिया गोयल द्वारा पूछताछ में दी गई जानकारी के आधार पर घटनास्थल पर पूरी घटना को री-क्रिएट किया गया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि डमी बॉडी की सहायता से वास्तविक परिस्थितियों को दोहराने का प्रयास किया गया, ताकि घटना की पूरी श्रृंखला को समझा जा सके। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि 20 वर्षीय सिया गोयल की सगाई पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से हुई थी लेकिन वह यह शादी नहीं करना चाहती थी। सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया ने कथित तौर पर बताया कि यदि वह तय हो चुकी अरेंज मैरिज से इनकार करती तो परिवार की बदनामी होती। इसी वजह से उसने और चेतन ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 18 जून को केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले पर बुलाया गया। वहां सुनसान स्थान पर मौका देखकर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्राइम सीन रीक्रिएशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement