तिलक नगर मुस्कान हत्याकांड : आरोपी जिम ट्रेनर इमरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नई दिल्ली, 28 अगस्त । पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की छात्रा और मॉडल मुस्कान की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान इमरान, पुत्र जावेद के रूप में हुई है। पश्चिमी जिला स्पेशल स्टाफ की टीम के साथ मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगी हैं।

मामले पर डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया, "तिलक नगर इलाके में मुस्कान नाम की लड़की की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई। पूरे जिले में नाकाबंदी की गई और उसे पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गईं। वह लगातार अपनी जगह बदल रहा था और अलग-अलग ठिकानों पर छिप रहा था। इंस्पेक्टर राजेश के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा। करीब से देखने पर उसकी पहचान इमरान के रूप में हुई। जब टीम उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में तीन गोलियां लगीं।"

दिल्ली पुलिस ने कहा कि आरोपी को गोली लगने के बाद पकड़ लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

बता दें कि पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की उसके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को शक था कि इस वारदात में उसके जिम ट्रेनर का हाथ हो सकता है।

बताया जा रहा है कि जब हमला हुआ, तब मुस्कान दूसरी मंजिल पर स्थित अपने घर में अकेली थी। आरोपी इमरान घर में घुसा, उसने चाकू से मुस्कान पर हमला किया और मौके से फरार हो गया।

मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी मदद के लिए उसके घर पहुंचे। उन्होंने मुस्कान को गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पाया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter