अमेरिका के साउथ कैरोलिना के पार्क में फायर‍िंग, एक पुलिस अधिकारी की

न्यूयॉर्क, 30 अगस्त । अमेरिका के साउथ कैरोलिना राज्य के कोलंबिया शहर में एक पार्क में हुई फायर‍िंग में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा अधिकारी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर की भी मौत हो गई है। कोलंबिया पुलिस विभाग के प्रमुख डब्ल्यूएच स्किप होलब्रुक ने इस घटना की पुष्टि की।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, होलब्रुक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह घटना शहर के हेजलवुड रोड स्थित साउथईस्ट पार्क में हुई। दो पुलिस अधिकारी घरेलू विवाद की सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचे थे, तभी गोलीबारी हो गई।

कोलंबिया पुलिस विभाग के अनुसार, 29 वर्षीय क्रिस डीलोंग ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मारे गए।

इसके अलावा, दूसरे अधिकारी डेविड डाइमॉक भी गोली लगने से घायल हो गए। हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

शनिवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में होलब्रुक ने कहा, "हम ऐसी दुखद परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं जिसकी शायद कोई कल्पना भी नहीं कर सकता।"

पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे तक घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया था। जांच जारी रहने के कारण कानून-व्यवस्था एजेंसियों ने लोगों से उस इलाके से दूर रहने की अपील की।

'ऑफिसर डाउन' मेमोरियल पेज के अनुसार, कोलंबिया में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद होने वाले आखिरी पुलिस अधिकारी लेफ्टिनेंट फिलिप जॉर्ज श्लाटेरेर थे, जिनकी 25 जुलाई 1974 को मौत हुई थी। यानी इसके बाद 50 साल से भी अधिक समय तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया था।

इस महीने की शुरुआत में भी अमेरिका के केंटकी राज्य के लेक्सिंगटन शहर में एक पार्क में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार अन्य लोग घायल हुए थे।

लेक्सिंगटन पुलिस प्रमुख लॉरेंस वेदर्स के अनुसार, यह घटना शहर के डाउनटाउन इलाके में स्थित चार्ल्स यंग पार्क में हुई, जहां कुल पांच लोगों को गोली लगी थी।

घायलों में एक चार साल का बच्चा, एक 14 साल का किशोर और दो वयस्क शामिल थे। वेदर्स ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी चोटें जानलेवा नहीं थीं।

जांच जारी रहने के दौरान डाउनटाउन लेक्सिंगटन में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और आसपास की कई सड़कों को बंद कर दिया गया था।

एक अन्य अलग घटना में, वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए पूरे कैंपस को लॉकडाउन कर दिया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter