सीबीएसई 12वीं में उत्तराखंड टॉपर बनीं अरीना रघुवंशी से मुख्यमंत्री

देहरादून, 16 मई । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीएसई बोर्ड की 12वीं कक्षा में राज्य की टॉपर अरीना रघुवंशी को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अरीना रघुवंशी से फोन पर बात की और कहा कि अरीना की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हल्द्वानी निवासी अरीना रघुवंशी से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। अरीना की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनकी यह सफलता निरंतर प्रयास और समर्पण का श्रेष्ठ उदाहरण है।"

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री धामी ने अरीना से बातचीत का एक वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने फोन पर अरीना से कहा, "आपको बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।" इस पर अरीना ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया।

सीएम धामी ने अरीना से बातचीत जारी रहते हुए कहा, "आपने अच्छी मेहनत की है और आगे भी अच्छा करना है। सभी कक्षाओं में आगे भी अच्छा काम करना है। यह एक शुरुआत हुई है, जो रुकनी नहीं चाहिए। लगातार आगे बढ़ना है।"

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अरीना से पूछा कि भविष्य में वह क्या बनना चाहती हैं। इस पर अरीना रघुवंशी ने जवाब दिया कि वह लॉ की पढ़ाई करने के बाद यूएन या यूनेस्को में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती है। इसके बाद सीएम धामी ने अरीना को शुभकामनाएं दीं।

फोन पर वार्ता के दौरान अरीना रघुवंशी ने मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात करने के लिए समय मांगा। इसके बाद सीएम ने अरीना को मुलाकात का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित किए। इस साल, बोर्ड ने कुल 85.20 फीसदी पास प्रतिशत दर्ज किया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter