'ब्रेकफास्ट' में आधुनिक रिश्तों की सच्चाई, रानव बोले- 'यह सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर है'
रिश्तों को लेकर बनी फिल्में दर्शकों को काफी पसंद आती है। इसी कड़ी में अब एक नई फिल्म 'ब्रेकफास्ट' काफी चर्चा में हैं, जो आधुनिक रिश्तों की जटिलता और उनकी भावनात्मक गहराई को पर्दे पर दिखाने का वादा करती है।

मुंबई, 20 अप्रैल । रिश्तों को लेकर बनी फिल्में दर्शकों को काफी पसंद आती है। इसी कड़ी में अब एक नई फिल्म 'ब्रेकफास्ट' काफी चर्चा में हैं, जो आधुनिक रिश्तों की जटिलता और उनकी भावनात्मक गहराई को पर्दे पर दिखाने का वादा करती है।
इस फिल्म में रानव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अपने किरदार और फिल्म को लेकर खुलकर बात की है और कहा, ''इसमें मेरा किरदार कई तरह की भावनाओं से गुजरता है। इसमें प्यार है, उलझन है, कमजोरी है और सबसे अहम खुद को समझने की कोशिश है। इस रोल को निभाने के लिए मुझे अपने अंदर झांकना पड़ा और यह समझना पड़ा कि रिश्तों में सिर्फ बोले गए शब्द ही नहीं, बल्कि खामोशी भी बहुत कुछ कहती है।''
रानव ने कहा, ''यह फिल्म आज के रिश्तों की असली तस्वीर दिखाती है। इसमें यह दिखाया गया है कि कैसे लोगों की उम्मीदें, मन का खालीपन और अनकही भावनाएं रिश्तों पर असर डालती हैं। कभी यही चीजें रिश्तों को मजबूत बनाती हैं तो कभी उन्हें तोड़ भी देती हैं। मेरा विश्वास है कि यह कहानी दर्शकों को अपने से जुड़ी महसूस होगी, क्योंकि हर कोई किसी न किसी रूप में ऐसी भावनाओं से गुजरता है, लेकिन उन्हें खुलकर व्यक्त नहीं कर पाता।''
फिल्म के निर्देशक अर गांधी कृष्णा को लेकर भी रानव ने कहा, ''उनके साथ काम करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। गांधी कृष्णा ऐसे निर्देशक हैं, जो भावनाओं को गहराई से समझते हैं और उन्हें सच्चाई के साथ पर्दे पर उतारते हैं। उनकी पुरानी फिल्में 'चेल्लामे' और 'अनंधा थंडवम' इसका बेहतरीन उदाहरण हैं।''
'ब्रेकफास्ट' को गांधी कृष्णा ने ही लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसका निर्माण गिरिजा वरदराज ने किया है। फिल्म में रानव के साथ अभिनेत्री रोसमिन अहम किरदार में नजर आएंगी। वह इस फिल्म से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कर रही हैं। इसके अलावा फिल्म में कृतिक मोहन और अमिता रंगनाथ भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म 'ब्रेकफास्ट' 24 अप्रैल को दुनियाभर में रिलीज होगी।
Source: IANS

