जुनैद ने अपनी पहचान खुद बनाई, मुझे स्क्रिप्ट तक नहीं दिखाता: आमिर खान

मुंबई, 1 मई । अभिनेता जुनैद खान फिल्म 'एक दिन' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। आमिर खान ने कपिल शर्मा के साथ बातचीत में बेटे पर गर्व जताते हुए कहा कि जुनैद ने अपने करियर की राह खुद चुनी है और इसमें उनका कोई योगदान नहीं है।

आमिर खान प्रोडक्शन हाउस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें कपिल शर्मा ने आमिर खान से पूछा, "आप जुनैद के फिल्मों की स्क्रिप्ट्स पढ़ते हैं?"

आमिर खान कहते हैं, "नहीं, मैं उसकी फिल्मों की कोई स्क्रिप्ट नहीं पढ़ता हूं और उसे पसंद भी नहीं है कि मैं उसके करियर में कोई दखल दूं। उसने अपना करियर और संघर्ष खुद चुना था। पहले वह लॉस एंजिल्स में थिएटर की बारीकियां सीखने के लिए गया था। फिर, वहां से आकर मुंबई में थिएटर किया और साथ में, कास्टिंग निर्देशकों से मिलता था और ऑडिशन देता था। इंडस्ट्री में किसी को पता तक नहीं था कि वह मेरा बेटा है। मैंने भी किसी से कुछ नहीं बताया था।"

अभिनेता ने बताया, "फिर, एक दिन मुझे आदित्य चोपड़ा का कॉल आया कि मैं अपनी फिल्म में जुनैद को कास्ट कर रहा हूं। ये बात मुझे जुनैद ने नहीं बताई थी, बल्कि मुझे तो बाहर से पता चला था। जुनैद ने खुद फिल्म साइन की और अपने काम से सबका दिल जीत लिया। फिल्म में जुनैद ने अच्छा काम किया था और हर जगह उसकी तारीफ हो रही थी। एक पिता के तौर पर मुझे गर्व है कि उसने बिना मेरी मदद के अपनी जगह बनाई।"

बातचीत में आगे अभिनेता ने जुनैद की सादगी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जुनैद काफी साधारण जीवन जीता और फिजूलखर्ची से बचता है। आमिर ने कहा, "मैंने ही जुनैद से कहा कि एक कार ले लो।"

अभिनेता ने बेटे के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए कहा कि भले ही जुनैद अब 6 फीट 2 इंच लंबे हो गए हैं, लेकिन एक पिता के लिए आज भी छोटे बच्चे ही हैं। जब जुनैद छोटा था, तो उसे गोद में लेना आसान था। अब वह काफी लंबा है, लेकिन जब भी मैं उसे गले लगाता हूं, तो मुझे वही सुकून मिलता है, जो उसे बचपन में सीने से लगाकर मिलता था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement