'सोच लो! भारी पड़ेगा', मीडिया पर भड़के अमिताभ बच्चन, शब्दों को गलत संदर्भ में पेश करने का आरोप लगाया
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपने ताजा एक्स पोस्ट में मीडिया में छपी खबर को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
मुंबई, 2 नवंबर । मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपने ताजा एक्स पोस्ट में मीडिया में छपी खबर को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। अमिताभ ने आरोप लगाया है कि उनके शब्दों को मीडिया प्रचार के लिए दूसरे संदर्भ में पेश कर रहा है। इतना ही नहीं, 'सदी के महानायक' ने इसके लिए मीडिया को चेतावनी भी दी है।
दरअसल, मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने भगवान कृष्ण के लिए अक्सर इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक पंक्ति, "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" से जुड़ा एक पोस्ट और ब्लॉग लिखा था। अमिताभ का कहना है कि मीडिया ने इन शब्दों को तोड़मरोड़कर पेश किया है।
अमिताभ ने अपने पोस्ट में मीडिया में संबंधित खबर की हैडिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह कृष्ण कन्हैया के लिए, प्रार्थना स्वरूप, अक्सर "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" का उच्चारण करते हैं और मीडिया ने इसे ही गलत तरीके से पेश किया है।
अमिताभ ने स्पष्ट किया कि उनका पोस्ट वास्तव में भगवान कृष्ण के लिए एक प्रार्थना थी और उनके शब्द न किसी राजनीतिक बयान का हिस्सा था, न ही किसी विरोधी पर उन्होंने कोई तंज कसा था। उन्होंने कहा कि मीडिया ने ऐसी खबर छापकर धार्मिक नजरिए से भी गलत किया है। उन्होंने इसे धर्म का निरादर भी बताया।
अमिताभ ने कहा, "और मीडिया उसका निरादर करके, अपना प्रचार करने के लिए, छापता है, 'देखिए ये अमिताभ अपने विरोधियों को चुनौती दे रहा है, की, 'ले आओ हाथी घोड़ा ' हम अपने हथियारों से लड़ेंगे, डरेंगे नहीं !' एक तो घोर निंदा एक 'जय श्री कृष्ण ' के उपलक्ष्य में, और दूसरा , शब्दों को पलट कर विरोधियों को चुनौती देने की बात कर रहे है।"
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए, दिग्गज अभिनेता ने मीडिया को एक कड़ा संदेश भी दिया, जिसमें कहा गया कि उनके 5 करोड़ फॉलोअर्स हैं और अगर इशारा मिल जाए तो उनमें से 10 प्रतिशत भी उनके समर्थन में आ जाएंगे।
मेगास्टार ने अपने पोस्ट के जरिए यह भी कहा कि जब किसी पब्लिक फिगर से गलती होती है, तो वे माफी मांग लेते हैं, लेकिन जब किसी भी मीडिया की तरफ से गलती होती है, तो उनकी तरफ से कोई माफी नहीं आती है।
उन्होंने तीखी आलोचना करते हुए लिखा, "हमसे कोई गलती हो जाए - गलतियां हो जाती हैं, तो हम तुरंत क्षमा मांगते हैं, और सुधार करने का प्रयत्न करते हैं, पर यहां लगता है उनका (मीडिया) ये जन्म साइ धिकार (जन्मसिद्ध अधिकार) है।
इस पोस्ट से पहले अमिताभ ने इसी संदर्भ में एक और पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, "(हम) लिखते हैं प्रार्थना और मीडिया उसके शब्दों का दुरुपयोग करके निरादर करता है ! इतनी लाचारी ??? अब मीडिया हमारे हाथ में भी है। सोच लो! भारी पड़ेगा।"
Source: IANS