'लक बाय चांस' को लेकर डरे हुए थे संजय कपूर, ऋतिक रोशन की कास्टिंग ने बढ़ाई थी उलझन

मुंबई, 14 मार्च। अभिनेता संजय कपूर इन दिनों सीरीज 'संकल्प' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस सीरीज में एक्टर ने राजनेता का किरदार निभाया है। सोशल-पॉलिटिकल थ्रिलर में संजय के साथ नाना पाटेकर और मोहम्मद जीशान अय्यूब अहम किरदार में हैं।

संजय कपूर ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में शिरकत की, जिसमें उन्होंने बताया कि वे फिल्म 'लक बाय चांस' में काम करने को लेकर काफी घबराए हुए थे। उनका कहना है कि इस फिल्म में ऋतिक के कास्ट होने पर वे कंफ्यूज थे कि इसमें उनका रोल क्या होगा। अभिनेता ने ये क्लिप अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की।

पोस्ट किए गए क्लिप में संजय कहते हैं, "सबसे पहले जोया अख्तर ने मुझमें वह खास बात देखी थी। यह मेरी पहली मल्टी-स्टारर फिल्म थी। उस समय मैं ज्यादातर हीरो के रोल में काम करता था। यही कारण था कि इस फिल्म में मैं काम करने को लेकर काफी असमंजस और डर में था। वहीं, जोया भी उस वक्त निर्देशन की दुनिया में नई-नई आई थी, लेकिन उनका टैलेंट सब जानते थे। उन्होंने पहले ही ऋतिक रोशन को कास्ट कर लिया था। फिर भी उन्होंने मुझे बार-बार मनाया क्योंकि वे मुझे अच्छे से जानती थीं और अक्सर कहती थीं कि इस रोल के लिए मैं ही सबसे सही हूं।"

संजय ने बताया, "रोल के लिए मैं इतना असमंजस में था कि मैंने जोया से कहा था कि मुझे समझ नहीं आ रहा कि फिल्म में मेरा रोल क्या होगा, क्योंकि इसमें फरहान अख्तर हैं और कई बड़े कलाकार हैं। जोया ने कहा कि फिल्म के डायलॉग जावेद अख्तर लिख रहे हैं। पहले आप डायलॉग सुन लीजिए, फिर फैसला कीजिए कि फिल्म करनी है या नहीं।"

यह फिल्म जोया अख्तर की पहली निर्देशित फिल्म थी। संजय कपूर ने एक छोटी भूमिका निभाई थी। फिल्म का सह-लेखन और निर्देशन जोया अख्तर ने किया था। फिल्म में ऋषि कपूर, कोंकणा सेन शर्मा, अली खान, डिंपल कपाड़िया, जूही चावला और इशा शरवानी भी थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाल नहीं दिखा सकी थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement