सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका, शाहरुख खान को 'मन्नत' रिनोवेशन केस में मिली राहत

नई दिल्ली, 14 जुलाई । मुंबई स्थित बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान के आलीशान बंगले 'मन्नत' के रेनोवेशन से जुड़े विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना निर्णय सुना दिया है। अदालत ने मन्नत में दो नई मंजिलें जोड़ने के लिए मिली कोस्टल रेगुलेशन जोन (सीआरजेड) मंजूरी को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अदालत इस बात से प्रभावित नहीं होती कि कोई फिल्म स्टार है। अगर किसी व्यक्ति ने नियमों के दायरे में रहकर अपने घर में बदलाव करने की अनुमति ली है, तो इसमें क्या समस्या है?

सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दाऊंडकर ने आरोप लगाया था कि मन्नत में दो अतिरिक्त मंजिल बनाने के लिए जरूरी पर्यावरण संबंधी मंजूरियां पूरी तरह नहीं ली गईं। उनका कहना था कि महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी की ओर से दी गई सीआरजेड मंजूरी में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं हुआ और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने भी इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया।

हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। सुनवाई के दौरान बेंच ने कहा कि शुरुआती तौर पर ऐसा लगता कि कानून का मोटे तौर पर पालन किया गया। अधिकारियों ने नियमों की जांच के बाद ही अनुमति दी है।

इससे पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) भी इस मामले में याचिका खारिज कर चुका था। एनजीटी ने कहा था कि मन्नत में प्रस्तावित निर्माण के लिए दी गई सीआरजेड मंजूरी में कोई प्रक्रियात्मक गलती नहीं मिली है। प्रस्तावित काम मौजूदा इमारत के ऊपर दो नई मंजिलें जोड़ने तक सीमित है और इसमें कोई ऐसा नया विस्तार नहीं किया जा रहा, जिससे नियमों का उल्लंघन हो।

शाहरुख खान का बंगला 'मन्नत' मुंबई के बांद्रा इलाके में समुद्र किनारे स्थित है और यह शहर की सबसे चर्चित संपत्तियों में शामिल है। शाहरुख खान ने साल 2001 में इस संपत्ति को खरीदा था। इसके बाद इसे परिवार की जरूरतों के अनुसार बनवाया।

रेनोवेशन के तहत मन्नत में दो नई मंजिल जोड़ने की योजना है। बंगला समुद्र के करीब होने और हेरिटेज श्रेणी में आने के कारण इसके लिए सीआरजेड और अन्य विभागों से मंजूरी लेना जरूरी था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement