जब करिश्मा कपूर ने ठुकरा दी थी 'पहचान', तब अभिनेत्री मधु ने निभाया था

मुंबई, 21 जून । 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री मधु ने अपनी फिल्म 'पहचान' को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि साल 1993 में रिलीज हुई इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में उनका किरदार पहले कई बड़ी अभिनेत्रियों को ऑफर किया गया था, लेकिन सभी ने इसे करने से इनकार कर दिया था। इन्हीं अभिनेत्रियों में करिश्मा कपूर का नाम भी शामिल था।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान मधु ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि कई मुख्य अभिनेत्रियां इस भूमिका को ठुकरा चुकी हैं, तो उनका इस किरदार को निभाने का उत्साह और बढ़ गया। उन्होंने बताया कि वह शायद इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थीं। फिल्म निर्माताओं ने उस समय कई अभिनेत्रियों से संपर्क किया था, लेकिन सभी ने मना कर दिया। इसके बाद यह भूमिका उनके पास आई।

मधु ने कहा, "जितना मुझे बताया गया कि कई बड़ी अभिनेत्रियों ने इस रोल को ठुकराया है, उतना ही मेरा विश्वास बढ़ता गया कि मुझे यह फिल्म करनी चाहिए। मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनने पर गर्व है।"

जब उनसे पूछा गया कि किन अभिनेत्रियों ने यह रोल ठुकराया था, तो उन्होंने बताया कि जिन नामों की जानकारी उन्हें मिली थी, उनमें करिश्मा कपूर का नाम शामिल था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें बाकी अभिनेत्रियों के नामों की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन 2-3 अभिनेत्रियों ने इस भूमिका को करने से मना कर दिया था।

निर्देशक दीपक शिवदासानी के निर्देशन में बनी फिल्म 'पहचान' में सुनील शेट्टी, सैफ अली खान, शिल्पा शिरोडकर, और मधु ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म का निर्माण ए.के. अब्दुल और जीवत ए.टी. ने किया था। वहीं सिनेमैटोग्राफी थॉमस ए. जेवियर और एडिटिंग ए. मुथु ने संभाली थी। फिल्म का संगीत आनंद-मिलिंद ने दिया था। यह फिल्म 8 अक्टूबर 1993 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

मधु ने अपने हिंदी फिल्मी करियर की शुरुआत 1991 में अजय देवगन के साथ फिल्म 'फूल और कांटे' से की थी। इसके बाद उन्होंने रोजा, अल्लारी प्रियुडु, योद्धा और जेंटलमैन जैसी कई सफल फिल्मों में काम कर अपनी अलग पहचान बनाई।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter