'शादी शुरू', महीप कपूर ने अंशुला कपूर के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की झलकियां शेयर की

मुंबई, 22 जून । फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर और उनके मंगेतर रोहन ठक्कर की शादी का जश्न शुरू हो गया है। शादी से पहले की रस्मों की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। अंशुला की आंटी महीप कपूर ने शादी से पहले के जश्न की कई तस्वीरें और वीडियो साझा की हैं।

महीप कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी से पहले के जश्न के वीडियोज और तस्वीरों के साथ कैप्शन दिया कि शादी शुरू 'जय माता दी, अंशुला एवं रोहन।' उनकी इन तस्वीरों से सेरेमनी की एक झलक दिखी, जो 'माता की चौकी' लग रही है।

इस जश्न में कपूर परिवार के कई सदस्य और करीबी दोस्त भी शामिल हुए। दुल्हन अंशुला कपूर के साथ, महीप की ओर से शेयर की गई तस्वीरों में अर्जुन कपूर, शनाया कपूर, जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर, महीप कपूर, संजय कपूर और परिवार के अन्य सदस्य और दोस्त भी नजर आए। लेकिन तस्वीरों में अनिल कपूर, सोनम कपूर और रिया कपूर नजर नहीं आए। सोनम और रिया अंशुला की कजिन (चचेरी बहनें) हैं।

इस सेरेमनी के लिए अंशुला ने भारी सुनहरे रंग का आउटफिट पहना था, जिसके साथ उन्होंने मल्टी-कलर का फुलकारी-स्टाइल दुपट्टा लिया था। उनकी कजिन और एक्ट्रेस शनाया ने मिंट-ग्रीन दुपट्टे के साथ एक शानदार आइवरी कुर्ता सेट चुना, जबकि जाह्नवी कपूर चमकदार गुलाबी साड़ी में बहुत खूबसूरत लग रही थीं।

दुल्हन के भाई और एक्टर अर्जुन कपूर मैरून धारीदार कुर्ते में दिखे, जबकि उनके अंकल और एक्टर संजय कपूर ने क्लासिक सफेद कुर्ता-पायजामा पहना था।

महीप की ओर से शेयर किए गए कई वीडियो में अंशुला और रोहन धार्मिक रस्मों में हिस्सा लेते हुए दिखे। कपल 'माता रानी' की मूर्ति और तस्वीर के सामने प्रार्थना करते, आरती करते और बड़ों का आशीर्वाद लेते हुए दिखे।

महीप की ओर से शेयर किए गए अन्य क्लिप में परिवार के सदस्य नाचते और जश्न मनाते हुए दिखे। अंशुला को अपने कजिन्स के ग्रुप के साथ पोज देते हुए भी देखा गया। खबरों के मुताबिक, अंशुला और रोहन जुलाई के पहले हफ्ते में शादी के बंधन में बंध सकते हैं।

पिछले कुछ हफ्तों में, अंशुला को अपनी शादी की तैयारियों और ब्राइडल शॉपिंग के सिलसिले में अपने भाई अर्जुन कपूर के साथ दुनिया भर में घूमते हुए देखा गया था। होने वाली दुल्हन ने अपने करीबी दोस्तों और कजिन्स के साथ बैचलर पार्टी भी मनाई थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए थे।

खबरों के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर के आसपास अंशुला ने 'गोद धना' स्टाइल में शादी से पहले परिवार के साथ एक छोटा सा फंक्शन किया था। 2025 में रोहन ने एक ट्रिप के दौरान अंशुला को प्रपोज किया था, जिसके बाद कपल ने अपनी सगाई की बात सबके सामने जाहिर की थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement