इम्तियाज अली की निर्देशन शैली खास, वो किरदार की गहराई में उतरने की आजादी देते हैं: वेदांग रैना

मुंबई, 24 मई । अभिनेता वेदांग रैना अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। तैयारियों के बीच प्रमोशन में व्यस्त वेदांग ने बताया कि इम्तियाज अली के पास खास निर्देशन की शैली है, वह अभिनेताओं को किरदार समझाने का काम अनोखे और प्रभावी तरीके से करते हैं।

आईएएनएस से बातचीत में वेदांग रैना ने बताया कि इम्तियाज अली अपने एक्टर्स को किरदार के माइंडसेट में पूरी तरह ढालने का बहुत खास तरीका अपनाते हैं।

वेदांग ने बताया, “उनका प्रोसेस यूनिक है। उन्होंने मेरे किरदार ‘किनो’ के बारे में बहुत स्पष्ट आइडिया रखा था। वह बार-बार मुझे याद दिलाते थे - ‘बोलने से पहले मत सोचो’। मेरा किरदार ऐसा है जो सोचे बिना बोलता है, जबकि मैं खुद वैसा नहीं हूं। इम्तियाज सर ने मेरे दिमाग में यह सोच डाल दी और उसे खुद-ब-खुद पकने दिया।”

वेदांग ने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने कहा, “रिहर्सल के दौरान जब मैं शरवरी से बात कर रहा था तो इम्तियाज सर मेरे पास आए और बोले - ‘मुझे बहुत खुशी है कि तुम लोग एक-दूसरे के सामने खुल गए हो। मैंने देखा कि तुम बिना सोचे-समझे बोल रहे हो।’ शायद किरदार ने मुझे अंदर से बदलना शुरू कर दिया था। यही इम्तियाज सर का तरीका है - वे एक्टर को किरदार की गहराई में उतरने में मदद करते हैं।”

फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में वेदांग रैना के अलावा दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म रिश्तों की गहराई, भावनाओं और रोमांच को दिखाती है।

बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म को मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने भी प्रोड्यूस किया है। बिड़ला स्टूडियोज वर्ल्डवाइड द्वारा रिलीज की जा रही फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement