'राख' सीरीज में सोनाली बेंद्रे को क्या लगा खास, एक्ट्रेस ने खुलकर की बात

मुंबई, 1 जून । ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नई वेब सीरीज 'राख' की चर्चा जोरों पर है। सोमवार को इस सीरीज का ट्रेलर जारी किया गया, जिसने रिलीज होते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ट्रेलर में एक भयानक अपराध, उससे टूटते परिवार और सच की तलाश में जुटे किरदारों की झलक दिखाई गई है। सीरीज में सोनाली बेंद्रे 'मोना अरोड़ा' का किरदार निभा रहीं है। उन्होंने इसे करियर का सबसे खास प्रोजेक्ट बताया।

सोनाली बेंद्रे ने कहा, ''मुझे इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसकी गहराई और भावनात्मक जटिलता लगी। पहली नजर में यह एक थ्रिलर कहानी दिखाई देती है, लेकिन इसके केंद्र में इंसानी भावनाओं और रिश्तों की बेहद संवेदनशील कहानी छिपी हुई है। इस सीरीज ने मुझे एक अभिनेत्री के तौर पर उन भावनात्मक पहलुओं को निभाने का मौका दिया, जिन्हें मैं पहले कभी पर्दे पर नहीं दिखा सकी थीं।''

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए सोनाली ने कहा, ''मोना अरोड़ा एक ऐसी महिला है, जिसके भीतर कमजोरी और मजबूती दोनों मौजूद हैं। वह परिस्थितियों से टूटती भी है और उनका सामना भी करती है। इस किरदार को निभाना मेरे लिए बेहद संतोष भरा अनुभव रहा।''

उन्होंने निर्देशक प्रोसित रॉय और लेखक-निर्देशक अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत की भी तारीफ की। सोनाली ने कहा, ''पूरी टीम ने कहानी को ईमानदारी के साथ पर्दे पर उतारा है। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह टीम इस कहानी को बनाते समय भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थी, उसी तरह दर्शक भी इससे जुड़ाव महसूस करेंगे।''

वहीं, सीरीज में एसआई जयप्रकाश की भूमिका निभा रहे अली फजल ने कहा, ''शुरुआत में मुझे लगा था कि 'राख' एक सामान्य जांच-पड़ताल पर आधारित क्राइम थ्रिलर होगी। जैसे ही मैंने इसकी स्क्रिप्ट पढ़ी, मैं कहानी से पूरी तरह प्रभावित हो गया। कहानी में भावनात्मक गहराई, वास्तविकता और रहस्य का शानदार मेल देखने को मिलता है। यह सिर्फ अपराध की जांच की कहानी नहीं है, बल्कि हर किरदार के मन और उसकी सोच को समझने की भी कोशिश करती है।''

अली फजल ने अपने किरदार जयप्रकाश के बारे में कहा, ''वह शांत स्वभाव का पुलिस इंस्पेक्टर है। वह कम बोलता है और हर चीज को गहराई से समझने की कोशिश करता है। मुझे इस किरदार के मानसिक संघर्ष और उसके नजरिए को समझने में बहुत मजा आया। जयप्रकाश एक ऐसा व्यक्ति है, जो अपनी कमियों और चुनौतियों के बावजूद खुद को साबित करने की कोशिश करता है। बदलते सामाजिक और राजनीतिक माहौल के बीच वह लगातार सही रास्ता तलाशने में जुटा रहता है।''

सीरीज में लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा का किरदार निभा रहे आमिर बशीर ने भी 'राख' को अपने करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट बताया। उन्होंने कहा, ''यह कई परतों में खुलने वाली एक गहरी कहानी है। मेरा किरदार एक मजबूत व्यक्ति का है, जिसकी जिंदगी एक दर्दनाक घटना के बाद पूरी तरह बदल गई है। इस किरदार को निभाना मेरे लिए भावनात्मक रूप से बेहद मुश्किल रहा।''

'राख' में सोनाली बेंद्रे, अली फजल और आमिर बशीर के अलावा आकाश मखीजा, रामदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी और दिव्येंदु भट्टाचार्य भी अहम किरदार में नजर आएंगे।

यह सीरीज 12 जून को प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में रिलीज की जाएगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement