मुझसे कहा गया था कि पुलिस का रोल करोगे तो कॉमेडी लगेगा: सैफ अली खान

मुंबई, 7 मई । अभिनेता सैफ अली खान 'कर्तव्य' फिल्म को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। गुरुवार को ट्रेलर लॉन्च के मौके पर सैफ ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक समय पर फिल्म निर्देशक ने उन्हें पुलिस का किरदार न निभाने की सलाह दी थी, क्योंकि उनके चेहरे पर वह 'गंभीरता' नहीं थी।

सैफ ने कहा, "मुझे आज भी याद है कि जब मैंने पहली बार फिल्म 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' के लिए पुलिस वर्दी पहनी थी और हम फिल्म का क्लाइमेक्स शूट कर रहे थे। उस समय फिल्म में अक्षय कुमार पुलिस अधिकारी की भूमिका में थे और मैं एक साधारण सा किरदार निभा रहा था। मैं उस समय फिल्म जगत की बारीकियां सीखने की कोशिश कर रहा था।"

सैफ ने आगे बताया कि उस फिल्म के निर्देशक ने उनसे कहा था, "अपनी जिंदगी में कभी भी पुलिस वाले का रोल गंभीरता से मत करना, क्योंकि तुम यह नहीं कर सकते। तुम्हारे अंदर वह ताकत या दम नहीं है कि तुम पुलिस वाले लग सको। अगर तुम यह रोल करोगे तो यह एक कॉमेडी जैसा लगेगा, इसलिए इसे कभी ट्राई मत करना।"

सैफ ने कहा कि उस समय मिली टिप्पणी मेरे लिए एक सबक की तरह थी। अभिनेता ने आगे कहा, "यह कमाल की बात है कि अगर आप लगातार अभ्यास करते रहें, सीखते रहें और आगे बढ़ते रहें, तो समय के साथ आप बेहतर होते जाते हैं। बिना दबाव के काम बोरिंग लगने लगते हैं। अगर बिल्कुल प्रेशर न हो तो काम में मजा नहीं आता। थोड़ा-बहुत तो प्रेशर होने से ही बेस्ट निकलता है। हालांकि, हर दिन एक जैसा नहीं होता है। फिल्मों में अक्सर ऐसा होता है कि एक दिन बहुत मुश्किल होता है, तो अगला दिन थोड़ा संतुलित और आसान। इसी उतार-चढ़ाव में काम करने का अपना ही मजा होता है।"

जब अभिनेता से पूछा गया कि उनके लिए रोमांटिक-कॉमेडी करना आसान है या फिर कर्तव्य जैसे गंभीर किरदार, तो सैफ ने इस सवाल का जवाब बड़ी बेबाकी से दिया। उन्होंने स्वीकार करते हुए कहा कि शहरों में पले-बढ़े होने के कारण उनके लिए 'रोम-कॉम' फिल्में करना कहीं अधिक सहज है।

अभिनेता ने कहा, "'रोम-कॉम' फिल्मों में आप एक तरह से खुद का ही किरदार निभा रहे होते हैं। उनमें ऐसी बातें होती हैं, जो मेरी असल जिंदगी का हिस्सा है, जैसे बच्चों की परवरिश, स्कूल की जिम्मेदारियां और परिवार। निजी जिंदगी में भी मैं हमेशा इस बात का ध्यान रखता हूं कि कहीं मैं अपनी मां को निराश तो नहीं कर रहा हूं।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter