पिता की याद में रुपाली गांगुली ने लगाया पेड़, लोगों से की पर्यावरण बचाने की अपील
टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री रुपाली गांगुली अभिनय के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर राय रखती हैं। पर्यावरण और प्रकृति को लेकर भी वह कई बार जागरूकता फैलाती नजर आई हैं।

मुंबई, 7 मई । टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री रुपाली गांगुली अभिनय के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर राय रखती हैं। पर्यावरण और प्रकृति को लेकर भी वह कई बार जागरूकता फैलाती नजर आई हैं। इसी बीच विश्व पर्यावरण दिवस से पहले रुपाली गांगुली ने एक खास पहल में हिस्सा लिया, जिसकी झलक उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो के जरिए साझा की। उन्होंने अपने दिवंगत पिता की याद में एक पेड़ लगाया और लोगों से भी धरती को बचाने और हरियाली बढ़ाने की अपील की।
रुपाली गांगुली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह पेड़ लगाने के मुहिम में हिस्सा लेती नजर आईं। वीडियो की शुरुआत में अभिनेत्री अपनी कार से उतरती दिखाई देती हैं। इसके बाद वह पूरे उत्साह के साथ पौधा लगाने की प्रक्रिया में जुट जाती हैं। वीडियो में रुपाली कभी मिट्टी डालती नजर आती हैं, तो कभी लोगों की मदद करती दिखाई देती हैं।
फैंस ने उनकी इस पहल की जमकर तारीफ की और कहा कि कलाकारों द्वारा ऐसे संदेश समाज पर अच्छा असर डालते हैं।
इस वीडियो के साथ रुपाली गांगुली ने एक लंबा कैप्शन भी लिखा, जिसके जरिए उन्होंने कहा, ''इस कैंपेन का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात थी। मुझे पेड़ लगाने का मौका मिला और विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। अपने पिता के नाम पर पेड़ लगाना इस पल को और ज्यादा भावुक और यादगार बना गया।''
रुपाली ने अपने पोस्ट में धरती और प्रकृति के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा, ''इस धरती ने हमें जीवन की हर जरूरी चीज दी है और अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसकी देखभाल करें। मेरी लोगों से अपील है कि सभी को मिलकर दुनिया को ज्यादा हरा-भरा, स्वस्थ और जीवन से भरपूर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। हर पेड़ महत्वपूर्ण होता है और हर छोटा कदम भी बड़ा बदलाव ला सकता है।''
गौरतलब है कि रुपाली गांगुली के पिता अनिल गांगुली हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्म निर्देशक और लेखक रहे हैं। उनका निधन 15 जनवरी 2016 को 82 वर्ष की उम्र में हुआ था। वह लंबे समय तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का अहम हिस्सा रहे और उन्होंने कई यादगार फिल्मों का निर्देशन किया। 'कोरा कागज', 'तपस्या', 'साहेब', 'तृष्णा', 'खानदान' और 'हम कदम' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी कई फिल्मों को राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले थे और दर्शकों ने उनके काम को खूब सराहा था।
Source: IANS
