'अनुराग डोभाल की पत्नी उनका ध्यान रख रही हैं', अस्पताल में अकेले होने की अफवाहों पर मैनेजर ने तोड़ी चुप्पी

मुंबई, 9 मार्च। मशहूर यूट्यूबर और 'बिग बॉस 17' के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी जान लेने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस उनकी तबीयत को लेकर चिंतित हैं। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें भी फैलने लगीं, जिनमें कहा जा रहा है कि अनुराग अस्पताल में अकेले हैं और उनके साथ कोई नहीं है। अब इन अफवाहों को लेकर उनके मैनेजर ने प्रतिक्रिया दी है। 

अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट किया और बताया कि सोशल मीडिया पर जो बातें कही जा रही हैं कि अनुराग के पास कोई नहीं, यह पूरी तरह गलत है। इस मुश्किल समय में अनुराग के साथ उनकी पत्नी रितिका डोभाल मौजूद हैं, जो उनका ध्यान रख रही हैं। साथ ही कई करीबी दोस्त भी लगातार उनसे जुड़े हुए हैं। परिवार और दोस्त मिलकर उनका हौसला बढ़ा रहे हैं और उनकी सेहत का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

रोहित पांडे ने पोस्ट में लोगों से अपील की कि बिना सही जानकारी के किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ''जैसा मैं पहले भी कह चुका हूं, लोगों को अनुमान लगाने और अफवाहों पर भरोसा करने से बचना चाहिए। अनुराग के पास उनके सभी करीबी दोस्त मौजूद हैं और उनकी पत्नी भी वहीं हैं।''

रोहित ने अपने पोस्ट में खास तौर पर उन लोगों को चेतावनी दी जो सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो बनाकर यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि अनुराग के साथ कोई नहीं है। उन्होंने लिखा, ''जो लोग ऐसे वीडियो बना रहे हैं, उनसे मेरा अनुरोध है कि इस तरह की गलत खबरें फैलाना बंद करें। सिर्फ कुछ व्यूज और लाइक्स पाने के लिए गलत जानकारी फैलाना ठीक नहीं है। ऐसा करने से लोगों के बीच गलतफहमी फैलती है, जो किसी के लिए भी अच्छा नहीं होता।''

रोहित पांडे ने पोस्ट में आगे लिखा, ''इस मुश्किल समय में कई लोग अनुराग के संपर्क में हैं। उनके सभी दोस्त, यहां तक कि कुछ सेलेब्रिटी दोस्त भी उनसे संपर्क कर चुके हैं। अगर कोई सोशल मीडिया पर कुछ नहीं लिख रहा तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह अनुराग की चिंता नहीं कर रहे। बहुत से लोग निजी तौर पर फोन या मैसेज के जरिए जुड़कर हालचाल ले रहे हैं।''

उन्होंने पोस्ट के आखिर में उन सभी लोगों का धन्यवाद भी किया जिन्होंने अनुराग का समर्थन दिया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement