'इंस्पेक्टर अविनाश' का किरदार पहले स्क्रिप्ट में समझ नहीं आया था: रणदीप हुड्डा

मुंबई, 13 मई । फिल्म और सीरीज में जब कोई किरदार किसी वास्तविक व्यक्ति पर आधारित होता है, तो अभिनेता के लिए उसे निभाना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इस कड़ी में इन दिनों 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' सीरीज काफी चर्चा में है। इसमें अभिनेता रणदीप हुड्डा पुलिस इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा के किरदार में हैं।

अपने किरदार को लेकर रणदीप हुड्डा ने कहा, ''जब मैंने पहली बार इस सीरीज की स्क्रिप्ट पढ़ी थी, तो रोल मुझे समझ नहीं आया था। पता ही नहीं चल पा रहा था कि इस भूमिका को किस दिशा में लेकर जाया जाए। किरदार की भावनात्मक परतें मुझे शुरुआत में चुनौतीपूर्ण लगीं। मेरी सोच तब पूरी तरह बदल गई, जब मेरी मुलाकात असली इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा से हुई। इस मुलाकात ने मेरे किरदार की पूरी तस्वीर साफ कर दी। मुझे समझ आ गया कि इस रोल को कैसे पर्दे पर उतारना है।''

रणदीप ने कहा, ''असली इंस्पेक्टर से मिलने के बाद मुझे उनके व्यक्तित्व को करीब से जानने का मौका मिला। मैंने उनके बोलने का तरीका, लोगों से बातचीत करने का अंदाज, उनकी सोच और हालातों से निपटने का तरीका ध्यान से देखा। इन सभी बातों ने मुझे यह समझने में मदद की कि एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी में कितना दबाव और संघर्ष होता है। इसी अनुभव ने मेरे अभिनय को और ज्यादा वास्तविक बना दिया।''

उन्होंने आगे कहा, ''इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा शूटिंग के दौरान भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े रहे। वे लखनऊ और मुंबई के सेट पर कई बार आए और शूटिंग की प्रक्रिया को करीब से देखा। इस दौरान हमारे बीच लगातार बातचीत होती रहती थी, जिससे मुझे किरदार को और गहराई से समझने में मदद मिली। मैं अक्सर उनके साथ समय बिताता था और उनके व्यवहार को बिना किसी अभिनय के, वास्तविक रूप में समझने की कोशिश करता था।''

रणदीप हुड्डा ने कहा, ''असली इंस्पेक्टर के परिवार और दोस्तों ने कई बार मुझको बताया कि उन्हें मेरा अभिनय इतना सटीक लगा कि कई बार यह पहचानना मुश्किल हो जाता था कि असली इंस्पेक्टर कौन है। यह मेरे लिए एक बड़ा सम्मान है।''

अभिनेता ने कहा, "अगर मुझे असली इंस्पेक्टर के अनुभव, उनकी कहानियां और उनका मार्गदर्शन नहीं मिलता, तो इस किरदार में इतनी गहराई लाना मेरे लिए मुश्किल हो जाता। किसी भी रियल लाइफ कैरेक्टर को निभाने के लिए सिर्फ स्क्रिप्ट काफी नहीं होती बल्कि उस इंसान की असल जिंदगी को समझना भी उतना ही जरूरी होता है।"

बता दें कि 'इंस्पेक्टर अविनाश' का दूसरा सीजन 15 मई 2026 को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement