तलाक की अफवाहों के बीच डिनर आउटिंग पर दिखीं मौनी रॉय, कैप्चर करने पर मोबाइल से छिपाया चेहरा
टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में सितारों की निजी जिंदगी अक्सर चर्चा में बनी रहती है। इन दिनों मौनी रॉय भी सुर्खियों में बनी हुई हैं।

मुंबई, 14 मई । टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में सितारों की निजी जिंदगी अक्सर चर्चा में बनी रहती है। इन दिनों मौनी रॉय भी सुर्खियों में बनी हुई हैं। मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार के बीच तलाक की खबरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो करने के बाद ये चर्चाएं जोरों पर हैं। हालांकि दोनों की तरफ से अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इन खबरों के बीच मौनी रॉय को मुंबई में अपने करीबी दोस्तों के साथ डिनर आउटिंग पर देखा गया। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे है।
मुंबई के एक मशहूर रेस्टोरेंट के बाहर मौनी रॉय को स्पॉट किया गया। इस दौरान वहां पहले से मौजूद पैपराजी ने उन्हें कैमरे में कैद करने की कोशिश की।
इंटरनेट पर वायरल हो रही वीडियो में देखा जा सकता है कि मौनी रॉय रेस्टोरेंट से बाहर निकलते समय काफी जल्दी में नजर आ रही हैं। उन्होंने कैमरों से बचने के लिए अपना चेहरा मोबाइल फोन से छिपाने की कोशिश की।
इस दौरान मौनी का स्टाइलिश अंदाज भी लोगों का ध्यान खींचता नजर आया। उन्होंने काले रंग की स्ट्रैपलेस फिटेड ड्रेस पहनी हुई थी, जिसमें उनका लुक काफी ग्लैमरस दिखाई दे रहा था। इसके साथ उन्होंने बहुत कम एक्सेसरीज कैरी की थीं। उनका सिंपल लुक काफी आकर्षक लग रहा था। वी
बता दें कि मौनी रॉय पिछले कुछ दिनों से अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार खबरों में बनी हुई हैं। दरअसल, सोमवार को सोशल मीडिया यूजर्स ने नोटिस किया कि मौनी और उनके पति सूरज नांबियार ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद दोनों के रिश्ते में तलाक की अफवाहों ने तेजी पकड़ ली।
सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की बातें करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते यह खबर वायरल हो गई।
खबरों के तेजी से फैलने के बाद सूरज नांबियार ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी हटा दिया। हालांकि, इस पर अब तक न तो मौनी रॉय और न ही सूरज नांबियार ने कोई बयान दिया है।
इन चर्चाओं के बीच बुधवार को मौनी रॉय ने सोशल मीडिया के जरिए मीडिया और लोगों से खास अपील की। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि उनके बारे में गलत खबरें और झूठी कहानियां प्रकाशित न की जाएं। उन्होंने विनम्रता के साथ मीडिया से प्राइवेसी और थोड़ा निजी समय देने की मांग की। इसके साथ ही मौनी ने हाथ जोड़ने वाले इमोजी के साथ लिखा कि उन्हें और उनके परिवार को थोड़ा स्पेस दिया जाए।
गौरतलब है कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद जनवरी 2022 में गोवा में शादी की थी। उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे और फैंस ने इस जोड़ी को खूब प्यार दिया था।
Source: IANS

