अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का टीजर रिलीज, 'तू मरता क्यों नहीं' डायलॉग के साथ शुरू हुई जबरदस्त नोक-झोंक

मुंबई, 15 मई । अभिनेता अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का शुक्रवार को टीजर रिलीज कर दिया गया है। यह 'वेलकम' फिल्म फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट है, जिसमें पुराने कई सारे सितारे नजर दर्शकों का मनोरंजन करते दिखेंगे।

1 मिनट 30 सेकंड का टीजर देखने में काफी जबरदस्त है। इसकी शुरुआत टाइटल सॉन्ग से होती है, जिसमें फिल्म में शामिल लोगों के नाम दिखाए गए हैं। टीजर देखकर लग रहा है कि दर्शकों को इस बार कॉमेडी का डबल डोज देखने को मिलेगा। एक्शन-कॉमेडी भी भरपूर है। टीजर में अक्षय कुमार एक बार फिर अपने मस्तमौला अंदाज में नजर आ रहे हैं।

वहीं, सुनील शेट्टी की एंट्री ने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है। दोनों की कॉमिक टाइमिंग टीजर की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आई है। एक मजेदार सीन में सुनील शेट्टी, अक्षय कुमार पर पन गन तानकर कहते हैं, "तू मरता क्यों नहीं?” इस पर अक्षय जवाब देते हैं, “मैं मरने में जान डाल रहा हूं।” फिर सुनील कहते हैं, "अरे, मरने में कोई जान डालता है क्या?"

टीजर देखकर प्रतीत होता है कि 'वेलकम टू द जंगल' पूरी तरह हंसी, कन्फ्यूजन और मस्ती से भरपूर होगी। इसमें अफरा-तफरी और नॉन-स्टॉप एंटरटेनमेंट के साथ यह फिल्म दर्शकों को फुल-फैमिली एंटरटेनमेंट देगी।

अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की नोक झोंक एक बार फिर उसी कॉमिक अंदाज में लौटती नजर आ रही है, जिसे दर्शक सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। इसमें अभिनेत्री रवीना टंडन भी नजर आएंगी। हालांकि, रवीना की हल्की-सी झलक ही देखने को मिली है।

इस फिल्म के जरिए अभिनेता अक्षय कुमार और रवीना टंडन दो दशक से भी ज्यादा समय के बाद साथ में ऑन-स्क्रीन वापसी करेंगे।

अहमद खान के निर्देशन में बन रही इस मूवी में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा सहित कई कलाकारों की टुकड़ी देखने को मिलेगी। साजिद नाडियाडवाला और स्टार स्टूडियोज द्वारा निर्मित फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter