विक्की के जन्मदिन पर पिता श्याम कौशल ने बरसाया प्यार, कहा- 'ऐसा बेटा पाकर गर्व महसूस होता है'

मुंबई, 16 मई । हिंदी सिनेमा के मशहूर एक्शन निर्देशक श्याम कौशल ने अपने बड़े बेटे और अभिनेता विक्की कौशल के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर प्यार भरा पोस्ट साझा किया। उनका यह पोस्ट अब जमकर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने विक्की की सफलता पर गर्व जाहिर किया।

बता दें कि 16 मई को विक्की कौशल 38वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस खास मौके पर उनके पिता श्याम कौशल ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की। इस फोटो में वह विक्की कौशल के साथ एक सोफे पर आराम से बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। लुक की बात करें तो श्याम ने जहां ब्लैक कलर की शर्ट पहनी हुई है, वहीं विक्की ब्लू कलर की टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं।

इस तस्वीर के साथ श्याम कौशल ने अपने बेटे के लिए कैप्शन में भावुक शब्द लिखे। उन्होंने विक्की को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि भगवान की कृपा हमेशा उन पर बनी रहे। उन्होंने अपने बेटे को ढेर सारा प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

श्याम कौशल ने लिखा, "पुत्तर, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भगवान का आशीर्वाद आपके साथ बना रहे। आपको मेरा ढेरा सारा प्यार और आशीर्वाद। आपके जैसा बेटा पाकर मैं बहुत खुशी और गर्व महसूस करता हूं।"

पोस्ट के आखिर में उन्होंने पंजाबी अंदाज में कहा, ''रब दी मेहर बनी रहे...आपको मेरी तरफ से प्यार भरी झप्पी।'' बता दें कि श्याम कौशल अक्सर अपने सोशल मीडिया के जरिए परिवार और बेटों के प्रति अपना प्यार जाहिर करते रहते हैं। चाहे बेटे की फिल्म की सफलता हो या जिंदगी का कोई खास पल, वह खुलकर अपनी खुशी साझा करते हैं।

अगर उनके करियर की बात करें, तो वे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्शन डायरेक्टर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने कई बड़ी और सफल फिल्मों में काम किया है। 'कृष', 'बजरंगी भाईजान', 'दंगल', 'पद्मावत' और 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' जैसी फिल्मों के दमदार एक्शन सीन्स के पीछे श्याम कौशल की मेहनत रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter