मीनाक्षी शेषाद्रि ने 33 साल पुराने गाने 'लश्कारा' की यादें की ताजा, चिरंजीवी संग काम करने के अनुभव को बताया यादगार

मुंबई, 16 मई । मनोरंजन जगह में कई ऐसे गाने और फिल्में होती हैं, जो सालों बाद भी लोगों के दिलों में जिंदा रहती हैं। जब कलाकार उन यादों को दोबारा साझा करते हैं, तो प्रशंसकों के लिए वह पल और भी खास बन जाता है। इस कड़ी में, मशहूर अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने भी अपने करियर के लोकप्रिय गाने 'लश्कारा' को याद करते हुए एक खूबसूरत वीडियो साझा किया । इस दौरान उन्होंने साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी के साथ काम करने के अनुभव को भी बेहद खास बताया।

मीनाक्षी शेषाद्रि ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह ब्लैक कलर की आउटफिट में नजर आ रही है। वीडियो में वह अपने मशहूर गाने 'लश्कारा' की धुन पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। उनकी मूव्स और एक्सप्रेशन लोगों को पुराने दौर की याद दिला रहे हैं।

वीडियो पोस्ट करते हुए मीनाक्षी ने कैप्शन में लिखा, "मुझे निर्माता एन. एन. सिप्पी के साथ कई फिल्मों में काम करने का मौका मिला, और वह मेरे सबसे पसंदीदा निर्माताओं में से एक थे। मैंने 'मेरी जंग', 'आगे से खेलेंगे' और 'आज का गुंडाराज' जैसी फिल्मों में उनके साथ काम किया।"

उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, ''चिरंजीवी जैसे शानदार कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए बेहतरीन अनुभव रहा। चूंकि चिरंजीवी खुद बहुत अच्छे डांसर हैं, इसलिए फिल्म में हम दोनों के कई डांस नंबर थे।''

मीनाक्षी ने 'लश्कारा' गाने का खास जिक्र करते हुए कहा, ''यह एक मजेदार गाना था। इसकी शूटिंग ऊटी की खूबसूरत वादियों में की गई थी। इतने साल बाद भी यह अनुभव मेरे साथ बना हुआ हैं।''

बता दें कि 'लश्कारा' गाना करीब 33 साल पहले रिलीज हुआ था। यह गाना साल 1992 में आई फिल्म 'आज का गुंडा राज' का हिस्सा था। इस फिल्म का निर्देशन रवि राजा पिनिसेट्टीने किया था, जबकि इसके निर्माता एन.एन. सिप्पी थे।

फिल्म में चिरंजीवी, मीनाक्षी शेषाद्रि और राज बब्बर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। यह एक एक्शन और ड्रामा से भरपूर फिल्म थी, जिसकी कहानी अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई पर आधारित थी। उस दौर में फिल्म और इसके गानों को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement