हर भाषा की फिल्म करो, पिता की इस सलाह पर चल रहीं अदा शर्मा अब मराठी सिनेमा में दिखेंगी
साउथ और बॉलीवुड सिनेमा में अपने अभिनय का जादू बिखेरने के बाद अभिनेत्री अदा शर्मा अब फिल्म 'गजरा' से मराठी सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। अदा शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब उनके पिता ने एक खास सलाह दी थी कि उन्हें भारत की हर भाषा की फिल्म में काम करना चाहिए।

मुंबई, 16 जुलाई । साउथ और बॉलीवुड सिनेमा में अपने अभिनय का जादू बिखेरने के बाद अभिनेत्री अदा शर्मा अब फिल्म 'गजरा' से मराठी सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। अदा शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब उनके पिता ने एक खास सलाह दी थी कि उन्हें भारत की हर भाषा की फिल्म में काम करना चाहिए।
अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपने पिता द्वारा दी गई खास सलाह को याद करते हुए बताया, "जब मैंने अपने पिता से कहा कि मैं एक्ट्रेस बनना चाहती हूं तो उन्होंने मुझसे कहा था कि तुम्हें भारत की हर भाषा में एक फिल्म जरूर करनी चाहिए। हर राज्य की अपनी संस्कृति होती है, हर भाषा की अपनी बारीकियां होती हैं। तुम्हारे लिए हर भाषा और हर फिल्म में एक नया किरदार निभाना एक बड़ा और दिलचस्प चुनौतीपूर्ण अनुभव होगा।"
अभिनेत्री ने भले ही बॉलीवुड से अपना डेब्यू किया था, लेकिन 'एस/ओ सत्यमूर्ति' (2015) और 'क्षनम' (2016) जैसी सफल फिल्मों से साउथ सिनेमा में सफल अभिनेत्री के रूप में अपना नाम स्थापित किया।
जब अभिनेत्री से आईएएनएस ने पूछा कि अगर 'गजरा' सफल होती है, तो क्या वह और मराठी फिल्में करेंगी या बॉलीवुड को ही अपनी मुख्य जगह मानेंगी? इस सवाल का जवाब देते हुए अदा ने कहा कि वे अपने आप को पैन- इंडियन एक्ट्रेस के तौर पर देखती हैं।
उन्होंने कहा, "'द केरला स्टोरी' एक बॉलीवुड हिंदी फिल्म थी, जिसमें 60 प्रतिशत मलयालम, 10 प्रतिशत अंग्रेजी और 30 प्रतिशत टूटी-फूटी हिंदी थी। हिंदी फिल्म 'कमांडो' में मैंने एक तेलुगु लड़की का किरदार निभाया था। अपनी पहली फिल्म में मैंने एंग्लो-इंडियन लिजा का रोल किया था। मैं किसी भी तरह का किरदार निभाने के लिए तैयार हूं। मैं चाहूंगी कि सभी भाषाओं में अपनी जगह बनाऊं।"
मराठी फिल्म गजरा एक रहस्यमयी फिल्म होगी, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। इस फिल्म का निर्देशन श्रेयस जाधव कर रहे हैं और यह 2027 में रिलीज होगी। 'गजरा' का निर्माण 'अमोल बोरकर' द्वारा किया जा रहा है और इसके संगीतकार देवदत्त मनीषा बाजी हैं।
Source: IANS

