आईफोन की भीड़ देख सोनू सूद ने कसा तंज, कहा- असली अपग्रेड फोन का नहीं

मुंबई, 18 सितंबर । भारत में दिखावे के चक्कर ज्यादा खर्च करने का चलन नया नहीं है। शुक्रवार को भी एक नजारा दिखा, जब 'आईफोन 16 प्रो सीरीज' के फोन खरीदने के लिए सुबह से ही एप्पल स्टोर के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसे देखते हुए अभिनेता सोनू सूद ने लोगों को नसीहत दी है।

उन्होंने कहा कि महंगे फोन से झूठी शान दिखाने और कर्जदार बनने से बेहतर है कि लोग अपनी गाढ़ी कमाई और ऊर्जा को समाज की भलाई में लगाएं।

अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें एप्पल स्टोर के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ दिख रही है। अभिनेता ने अपनी इस पोस्ट के जरिए लोगों को केवल स्मार्टफोन के दिखावे और कर्ज के जाल में फंसने के बजाय सामाजिक सुधार और दूसरों की मदद करने पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी है। उन्होंने लिखा, "नया फोन, नई ईएमआई, वही पुराने बिल! शायद यह समय सिर्फ अपने फोन को अपग्रेड करने का नहीं, बल्कि समाज में कुछ सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कतार (लाइनों) में खड़े होने का है। असली अपग्रेड एक बेहतर समाज का निर्माण है।"

बता दें कि एप्पल के नए आईफोन 18 प्रो सीरीज की बिक्री शुक्रवार सुबह 8 बजे से भारत में शुरू हो गई है। दिल्ली, नोएडा, मुंबई, बेंगलुरु और अन्य बड़े शहरों में एप्पल स्टोर और आधिकारिक दुकानों के बाहर लोग सुबह से लंबी कतारों में खड़े नजर आए।

भारत में इसके बेस मॉडल की कीमत 1,64,900 रुपए से शुरू है। आईफोन 18 प्रो को लेकर पूरे देश में खुमार इस कदर है कि कई लोगों ने पहले से ही ऑनलाइन प्री-बुकिंग करा रखी थी।

गौरतलब है कि अभिनेता विक्की कौशल भी मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (केबीसी) स्थित आधिकारिक एप्पल स्टोर पहुंचे, जहां उन्होंने नए आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की भारत में बिक्री शुरू होने पर अपना नया फोन अनबॉक्स किया।

विक्की कौशल ने नया आईफोन 18 प्रो मैक्स लिया, उसके फीचर्स को परखा और सेल्फी लेते हुए पैपराजी को पोज दिए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter