'कुछ रिश्तों को शब्दों की जरूरत नहीं होती', बहन के जन्मदिन पर इमोशनल हुए सुनील शेट्टी
बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी बहन के जन्मदिन पर खास पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी बहन के लिए प्यार और आभार जताया।
मुंबई, 23 अप्रैल । बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी बहन के जन्मदिन पर खास पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी बहन के लिए प्यार और आभार जताया। उन्होंने बताया कि उनकी बहन उनके जीवन में हमेशा एक मजबूत सहारा रही हैं और उनके बिना उनकी जिंदगी अधूरी सी लगती है।
पोस्ट में सुनील शेट्टी ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपनी बहन के साथ चलते हुए नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर किसी फैमिली प्रोग्राम की लग रही है, जिसमें दोनों खुश दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर के साथ सुनील शेट्टी ने लिखा, ''कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिनके लिए ज्यादा शब्दों की जरूरत नहीं होती, क्योंकि वे खुद ही जिंदगी को संभाल लेते हैं। मैं अपनी बहन को धन्यवाद देता हूं कि वह हमेशा मेरी ताकत बनी रही और हर मुश्किल समय में मेरा साथ दिया। आपको जन्मदिन की शुभकामनाएं।''
सुनील शेट्टी के बारे में बात करें, तो उनके फैंस प्यार से अन्ना कहते हैं। सुनील शेट्टी ने अपने लंबे फिल्मी सफर में सिर्फ एक्शन और कॉमेडी ही नहीं, बल्कि कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर खुद को एक बहुमुखी अभिनेता साबित किया। साल 1992 में 'बलवान' से शुरुआत करने के बाद उन्होंने 'वक्त हमारा है', 'अंत', 'कृष्णा' और 'सपूत' जैसी फिल्मों में दमदार एक्शन हीरो की छवि बनाई। फिल्म 'मोहरा' में अक्षय कुमार के साथ उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया, जबकि 'गोपी किशन' और 'रक्षक' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय से लोगों का ध्यान खींचा।
साल 1997 में आई जे.पी. दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर' उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुई। इस फिल्म में निभाए गए बीएसएफ जवानों के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच और ज्यादा लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद उन्होंने 'रिफ्यूजी', 'कयामत', 'मैं हूं ना' और 'एलओसी कारगिल' जैसी फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं। वहीं 'हेरा फेरी', 'फिर हेरा फेरी' और 'आवारा पागल दीवाना' जैसी कॉमेडी फिल्मों में उनके मजाकिया अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।
वह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आने वाले हैं, जिसका निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार, जैकलीन फर्नांडिस, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, जॉनी लीवर, राजपाल यादव और अन्य कलाकार शामिल हैं।
Source: IANS