करिश्मा कपूर का सबसे डार्क और दमदार रोल, 'ब्राउन' में बनीं सख्त पुलिस अधिकारी
ओटीटी की दुनिया में कई बड़े फिल्मी सितारे नए और चुनौतीपूर्ण किरदारों के साथ वापसी कर रहे हैं। अब बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर एक बिल्कुल नए और पहले से अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं।

मुंबई, 25 मई । ओटीटी की दुनिया में कई बड़े फिल्मी सितारे नए और चुनौतीपूर्ण किरदारों के साथ वापसी कर रहे हैं। अब बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर एक बिल्कुल नए और पहले से अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। उनकी अपकमिंग वेब सीरीज 'ब्राउन' का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी।
जी5 की इस नई वेब सीरीज में करिश्मा कपूर एक सख्त पुलिस अधिकारी के किरदार में दिख रही हैं। यह किरदार उनके अब तक के करियर से काफी अलग है।
टीजर में उनके अंदाज से साफ है कि यह कहानी सिर्फ साधारण अपराध जांच पर आधारित नहीं है, बल्कि इसमें कई मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक परतें भी जुड़ी हुई हैं।
इस सीरीज की कहानी कोलकाता शहर की है, जहां माहौल रहस्यमय है। करिश्मा कपूर इसमें 'रीटा ब्राउन' नाम की पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रही हैं, जो कोलकाता पुलिस फोर्स में काम करती हैं।
कहानी थ्रिल से भरी हुई है, जो दर्शकों को एक अलग तरह का अनुभव देने का वादा करती है।
करिश्मा कपूर लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने अलग-अलग दौर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। 90 के दशक में वह बॉलीवुड की प्रमुख हीरोइनों में शामिल थीं, लेकिन समय के साथ उन्होंने अपने अभिनय में बदलाव लाते हुए नए प्लेटफॉर्म और नई कहानियों को अपनाया है।
'ब्राउन' उनके करियर में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि इसमें वह एक बेहद गंभीर और मानसिक रूप से संघर्ष करती हुई पुलिस अफसर की भूमिका निभा रही हैं।
इस वेब सीरीज का निर्देशन अभिनय देव ने किया है। उन्होंने कहानी को नियो-नोयर साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर के रूप में तैयार किया है। टीजर से साफ है कि सीरीज में अपराध की जांच के साथ-साथ मुख्य किरदार की निजी जिंदगी और मानसिक संघर्ष भी कहानी का अहम हिस्सा होगा।
टीजर में करिश्मा कपूर का लुक भी काफी बदला हुआ दिखाई देता है। वह ज्यादा रफ, सादा और गंभीर रूप में नजर आ रही हैं। उनका यह नया अवतार दर्शकों के लिए काफी चौंकाने वाला है। उनके चेहरे के एक्सप्रेशन, उनकी बॉडी लैंग्वेज और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस कमाल के हैं।
Source: IANS
