आम्रपाली दुबे ने शेयर किया पुराना टीवी शो क्लिप, बोलीं-भोजपुरी में आने से पहले बना चुकी थी अपनी पहचान

मुंबई, 29 जुलाई । टेलीविजन इंडस्ट्री से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार हैं। बुधवार को अभिनेत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपने पुराने धारावाहिक 'पलकों की छांव में' का क्लिप शेयर किया। इसके जरिए उन्होंने सभी को बताया कि उन्होंने अपनी दम पर टेलीविजन इंडस्ट्री में स्थापित अभिनेत्री के रूप में पहचान बनाने के बाद ही भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखा था।

अभिनेत्री ने लिखा, "मेरे ऊपर सिर्फ महादेव का हाथ, मेरे दर्शकों का अटूट प्यार और मेरे गुरुओं का आशीर्वाद है। मैं जो भी हूं, अपने कर्म, मेहनत और काबिलियत की बदौलत हूं। आज तक कभी अपनी उपलब्धियों का हिसाब देने की जरूरत नहीं पड़ी, इसलिए कभी कुछ कहा भी नहीं, लेकिन जब मेरी मेहनत पर सवाल उठाए जाएं, तब सच कहना जरूरी हो जाता है।"

अभिनेत्री ने अपनी यात्रा के बारे में गहराई से बताते हुए लिखा, "भोजपुरी सिनेमा में आने से पहले भी मैं टेलीविजन इंडस्ट्री की एक स्थापित कलाकार थी। 16 वर्ष की आयु में जी टीवी के धारावाहिक 'सात फेरे' से अपने अभिनय सफर की शुरुआत मैंने बाकायदा ऑडिशन देकर की थी, जहां 150 से अधिक लड़कियों में से चयन करके निर्धारित हुई कलाकार बनी हूं। इसके बाद मेरे टेलीविजन सफर की शुरुआत हुई और फिर, मैंने टीवी शो 'पलकों की छांव में' में काम किया था, जो बखूबी चला था।"

अभिनेत्री ने बताया कि उनका यह शो बिना किसी सिफारिश और सहारे के चला था। उन्होंने लिखा, "मैं उस वक्त भी काम कर रही थी, आज भी कर रही हूं और महादेव की कृपा, गुरुओं के आशीर्वाद और अपने दर्शकों के प्रेम से आगे भी करती रहूंगी। मेरी पहचान किसी के सहारे नहीं बनी मेरे काम ने मुझे पहचान दी और इसीलिए मेरा जवाब भी मेरा काम ही रहेगा हमेशा। हर हर महादेव।"

टीवी शो 'रहना है तेरी पलकों की छांव में' (या पलकों की छांव में) एक लोकप्रिय भारतीय पारिवारिक ड्रामा था। यह सुमन नाम की एक अनाथ लड़की और एक पारंपरिक संयुक्त परिवार की कहानी थी। इसमें आम्रपाली दुबे के साथ-साथ सुमीत व्यास, शोएब इब्राहिम जैसे कलाकार अहम भूमिका में थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement