स्वर्ण मंदिर पहुंचीं अभिनेत्री पलक तिवारी, वेब सीरीज ‘लुक्खे’ को लेकर भी सुर्खियों में
अभिनेत्री पलक तिवारी ने हाल ही में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में दर्शन किए और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें उन्होंने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं।

मुंबई, 30 अप्रैल। अभिनेत्री पलक तिवारी ने हाल ही में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में दर्शन किए और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें उन्होंने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं।
तस्वीरों में पलक तिवारी पारंपरिक परिधान में नजर आईं। उन्होंने नीले और गुलाबी रंग का सूट पहना हुआ था और सिर पर दुपट्टा ओढ़ा हुआ था। स्वर्ण मंदिर परिसर में वे हाथ जोड़कर प्रार्थना करती और पवित्र सरोवर के किनारे शांत वातावरण को निहारती दिखाई दीं।
अपनी पोस्ट में पलक ने बताया कि यह उनका स्वर्ण मंदिर का पहला दौरा था। उन्होंने इस अनुभव को बेहद शांतिपूर्ण और जादुई बताते हुए लिखा कि यह यात्रा उनकी उम्मीदों के बिल्कुल अनुरूप रही।
फिल्मों के बाद अब पलक तिवारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं। वह आगामी वेब सीरीज ‘लुक्खे’ में नजर आएंगी, जो उनका ओटीटी डेब्यू भी है।
इस सीरीज में पलक ‘सनोबर’ नामक किरदार निभा रही हैं, जो भावनात्मक संघर्ष और प्रेम से जुड़ी कहानी का हिस्सा है। यह सीरीज पंजाब की पृष्ठभूमि में आधारित है, जिसमें रैप संगीत, क्राइम और प्रतिशोध की कहानी दिखाई गई है।
कहानी एक एथलीट ‘लकी’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए अंडरग्राउंड रैप की दुनिया में प्रवेश करता है। इसमें रैपर्स के बीच टकराव, रिश्ते, भाईचारा और बदले की भावना को दर्शाया गया है।
इस सीरीज में रैपर किंग, राशि खन्ना, पलक तिवारी, लक्ष्यवीर सिंह सरन और शिवंकित परिहार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Source: IANS

