हार्ट अटैक की खबरों पर टीम का खुलासा, 'रूटीन मेडिकल चेक-अप के लिए गए थे भंसाली, चिंता की कोई बात नहीं'

मुंबई, 25 फरवरी। संजय लीला भंसाली की सेहत को लेकर फैली अफवाहों पर उनकी टीम की ओर से बयान सामने आया है। खबर सामने आई थी कि मशहूर फिल्ममेकर को हार्ट अटैक आया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देखते ही देखते यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।  

इस खबर ने फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी चिंता में डाल दिया। इसी बीच उनकी टीम ने सामने आकर इन खबरों पर पूरी तरह विराम लगाया है।

भंसाली प्रोडक्शन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट किया, ''संजय लीला भंसाली बिल्कुल ठीक हैं। वे रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए गए हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। हम सभी के दिखाए गए प्यार, देखभाल और चिंता के लिए दिल से आभारी हैं। आपके लगातार सपोर्ट और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।''

टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संजय लीला भंसाली को लेकर फैल रही सभी खबरें झूठी हैं। उन्हें हार्ट अटैक आने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर निराधार है।

टीम ने लोगों और मीडिया से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की खबर को न फैलाएं और अफवाहों पर भरोसा न करें।

संजय लीला भंसाली ने 24 फरवरी को अपना 63वां जन्मदिन मनाया था। इस मौके पर फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने उन्हें सोशल मीडिया और निजी तौर पर शुभकामनाएं दी थीं। जन्मदिन के जश्न के अगले ही दिन कुछ ऑनलाइन रिपोर्ट्स में यह दावा किया जाने लगा कि पार्टी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

इन खबरों में दावा किया गया कि डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। लेकिन टीम ने अपने बयान में इस खबर को पूरी तरह से अफवाह बताया।

वर्कफ्रंट की बात करें तो संजय लीला भंसाली इन दिनों अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं। वह अपनी आगामी फिल्म 'लव एंड वॉर' पर काम कर रहे हैं, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे।

इसके अलावा, उनके प्रोडक्शन हाउस के तहत बनी फिल्म 'दो दीवाने सहर में' भी हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement