हार्डी संधू बर्थडे स्पेशल : क्रिकेट की पिच के बाद कैमरे के सामने

मुंबई, 5 सितंबर । क्रिकेट जैसे एक बिल्कुल ही अलग क्षेत्र से आकर एक्टिंग और सिंगिंग की दुनिया में कदम रखना आसान नहीं होता, लेकिन हार्डी संधू ने न सिर्फ ऐसा किया, बल्कि उन्होंने लाजवाब सिंगिंग और बेहतरीन एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में नाम और जगह भी पक्की की।

हार्डी संधू मुख्य रूप से पंजाबी और हिंदी संगीत व फिल्मों में काम करते हैं। उनका जन्म 6 सितंबर 1986 को पंजाब के पटियाला में एक सिख परिवार में हुआ था। उनका पूरा नाम हरदविंदर सिंह संधू है, जो कि एक लोकप्रिय गायक, अभिनेता और पूर्व क्रिकेटर हैं। उनके पिता का नाम जसवीर सिंह संधू और माता का नाम बलबीर कौर है। वहीं, उनका एक बड़ा भाई भी है।

बहुत कम लोग जानते होंगे कि जो अभिनेता और सिंगर इतनी बेहतरीन सिंगिंग के साथ पर्दे पर शानदार एक्टिंग करते हैं, वह एक समय में तेज गेंदबाज थे। उन्होंने अंडर-17 और अंडर-19 टीम के लिए क्रिकेट खेला। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी भी खेली। हालांकि, वर्ष 2007 में हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें क्रिकेट छोड़ना पड़ा, जिसके बाद वह गहरे तनाव में चले गए थे, लेकिन उन्होंने अपने आप को संभाला और क्रिकेट से बिल्कुल अलग एक नए क्षेत्र में कदम रखा।

संधू ने अपनी सिंगिंग करियर की शुरुआत वर्ष 2012 में 'टकीला शॉट' से की, जिसे पसंद भी किया गया, लेकिन उन्हें कुछ खास पहचान नहीं मिली। इसके बाद वर्ष 2013 में उनका गाना 'सोच' और 2014 में 'जोकर' रिलीज हुआ, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया और उन्हें इसके लिए खूब लोकप्रियता और सराहना भी मिली।

इसके बाद सिंगर ने कई सुपरहिट गाने गाए और अपने एल्बम में एक्टिंग भी की, जिससे उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ी। संधू के कुछ सुपरहिट गानों की बात करें तो उनमें 'बैकबोन', 'क्या बात है', 'बिजली बिजली', 'हॉर्न ब्लो', 'नाह', 'तितलियां', आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के गानों में भी अपनी आवाज दी है।

हार्डी संधू की फिल्मों में एक्टिंग जर्नी पर ध्यान दें, तो उन्होंने वर्ष 2014 में पंजाबी फिल्म 'यारां दा कचप' से अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत की। उन्होंने वर्ष 2021 में फिल्म '83' से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने पूर्व क्रिकेटर मदन लाल का किरदार निभाया था। इसके अलावा, उन्होंने 'कोड नेम: तिरंगा' और 'माही एनआरआई' जैसी हिंदी और पंजाबी फिल्मों में काम किया है।

हार्डी संधू के निजी जीवन की बात करें तो उनकी पत्नी का नाम जेनिथ सिद्धू है, जो कि एक मॉडल और एक्ट्रेस हैं। दोनों के दो बच्चे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter