करिश्मा कपूर ने याद किया आरके स्टूडियो का गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन

मुंबई, 11 सितंबर । फिल्म इंडस्ट्री में कपूर परिवार के लिए गणेश चतुर्थी हमेशा से एक खास त्योहार रहा है। कभी आरके स्टूडियो में गणपति बप्पा का भव्य स्वागत हुआ करता था, जिसमें फिल्मी दुनिया के सितारों के साथ-साथ स्टूडियो के कर्मचारी और आसपास रहने वाले लोग भी शामिल होते थे। इस परंपरा को कपूर परिवार ने आज भी अपने घरों में संभालकर रखा है। इसी पुरानी याद को करिश्मा कपूर ने हाल ही में साझा किया और बताया कि उनके दादा, दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर के समय आरके स्टूडियो में गणेश चतुर्थी किस तरह मनाई जाती थी।

करिश्मा कपूर ने ये यादें सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के खास एपिसोड में साझा कीं। एक एपिसोड में करिश्मा ने कहा, ''गणेश चतुर्थी आरके स्टूडियो में बहुत सालों से मनाई जाती थी और बहुत फेमस भी थी। सारे स्टाफ और आसपास के लोग आते थे। जब से दादाजी गुजर गए, वहां की गणेश चतुर्थी बंद हो गई है, लेकिन पूरे कपूर परिवार के घरों में गणेश चतुर्थी आज भी होती है। यह उत्सव हमारे परिवार का एक बहुत जरूरी हिस्सा है और हम सब चाहे कहीं भी हों, शूटिंग चल रही है, कुछ भी हो रहा है... इन 10 दिनों में हम जरूर बप्पा के दर्शन करने जाते हैं।''

करिश्मा की बात सुनने के बाद शो में मौजूद एक्ट्रेस अमृता खानविलकर ने भी गणपति बप्पा के साथ भक्तों के खास रिश्ते पर अपनी बात रखी। अमृता ने कहा कि भगवान गणेश के साथ लोगों का रिश्ता बाकी देवी-देवताओं की तुलना में काफी अलग और ज्यादा अपनापन भरा हुआ है।

अमृता ने कहा, ''बप्पा ही एक ऐसे भगवान हैं, जिन्हें हम अपना दोस्त बुलाते हैं, भाई बुलाते हैं और 'तू' करके बुलाते हैं। आमतौर पर भारतीय परिवारों में बड़े भाई, माता-पिता या बड़ों से बात करते समय सम्मान के लिए 'आप' कहा जाता है, लेकिन गणपति बप्पा के साथ भक्तों का रिश्ता इतना सहज है कि उन्हें प्यार से अपना मानकर बुलाया जाता है। लोग प्यार से 'बप्पा, हा माझा बप्पा आहे' (बप्पा मेरे हैं) कहते है। यही अपनापन गणपति उत्सव को खास बनाता है। गणपति बप्पा मेरे दोस्त भी हैं, भाई भी हैं, भगवान भी हैं और परिवार का हिस्सा भी हैं।''

गणेश चतुर्थी के इसी उत्साह और भक्ति को 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के खास एपिसोड में भी देखने को मिलेगा। यह एपिसोड शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित किया जाएगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter