'घूसखोर पंडत' के बाद 'यादव जी की लव स्टोरी' पर बवाल, संभल में जोरदार विरोध-प्रदर्शन

संभल, 18 फरवरी। इन दिनों फिल्मों के नामों और कहानियों को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है। पहले नेटफ्लिक्स की फिल्म 'घूसखोर पंडत' को लेकर विरोध देखा गया था और अब इसी कड़ी में एक नई फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' विवादों में आ गई है।  

मामला उत्तर प्रदेश के संभल जिले से सामने आया है, जहां यादव समुदाय के लोगों ने फिल्म के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।

बुधवार को संभल में यादव समुदाय के लोगों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टर जलाए और उन्हें पैरों से रौंदकर अपना विरोध दर्ज कराया। साथ ही फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग भी की। 

लोगों का आरोप है कि फिल्म का नाम और उसकी कहानी उनके समाज को गलत तरीके से पेश करती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म की कहानी और शीर्षक यादव समाज को निशाना बनाने के लिए तैयार किए गए हैं। इससे समाज की गलत छवि बनाई जा रही है। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने सार्वजनिक रूप से पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया।

'यादव जी की लव स्टोरी' को लेकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। यादव समाज के लोगों ने फिल्म पर आपत्ति जताई है। सिनेमा हॉल संचालकों को चेतावनी दी गई थी कि अगर फिल्म की स्क्रीनिंग की गई तो विरोध और तेज किया जाएगा। कुछ जगहों पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।

'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म का निर्देशन अंकित भड़ाना ने किया है। यह एक रोमांटिक थ्रिलर कहानी है। इसमें लीड रोल में एक्ट्रेस प्रगति तिवारी और विशाल मोहन हैं। प्रगति ने 'सिंपल यादव' का किरदार निभाया है, जो एक शांत, घरेलू लड़की है। फिल्म में उनके और वसीम अख्तर नामक युवक की लव स्टोरी दिखाई गई है।

यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है।
 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement