तरबूज-खरबूजे के कभी भी न खाएं ये चीजें, बढ़ सकते हैं पाचन सम्बन्धी विकार
मई की इस चिलचिलाती गर्मी में जो सबसे ज्यादा भारत में खाया जाता है, वह है खरबूजा और तरबूज। ये शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं और पानी की कमी नहीं होने देते, लेकिन इन फलों को गलत चीजों के साथ खाने से फायदा होने के बजाय नुकसान हो सकता है।

नई दिल्ली, 16 मई। गर्मियों के मौसम में तरबूज और खरबूजा लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं। ये फल शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ पानी की कमी भी पूरी करते हैं। हालांकि, इन्हें गलत चीजों के साथ खाने से फायदे की जगह नुकसान हो सकता है।
आयुर्वेद में कुछ खाद्य संयोजनों को ‘विरुद्ध आहार’ माना गया है, यानी ऐसी चीजें जिन्हें एक साथ खाने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, तरबूज और खरबूजे के साथ दूध, दही या अन्य डेयरी उत्पादों का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है और गैस, पेट दर्द या भारीपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसके अलावा, इन जलयुक्त फलों के साथ तला-भुना या ज्यादा मसालेदार खाना भी नुकसानदायक माना जाता है। गर्मियों में ऐसा भोजन अपच, एसिडिटी और पेट में जलन की समस्या बढ़ा सकता है।
विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि तरबूज और खरबूजे को भारी भोजन या ज्यादा अनाज के साथ नहीं खाना चाहिए। ऐसा करने से पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे सुस्ती और असहजता महसूस हो सकती है।
बहुत ठंडे पेय पदार्थ या आइस्ड ड्रिंक्स के साथ इन फलों का सेवन भी सही नहीं माना जाता। इससे आंतों की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है और दस्त या पेट दर्द जैसी परेशानी हो सकती है। आयुर्वेद के अनुसार, तरबूज और खरबूजे जैसे फलों को अकेले या समान प्रकृति वाले फलों के साथ खाना ज्यादा लाभकारी होता है।
अगर किसी कारणवश आप तरबूज या खरबूजा नहीं खा पाते हैं, तो गर्मियों में नारियल पानी, बेल का शरबत, नींबू पानी और छाछ जैसे पेय पदार्थ शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकते हैं। इसके साथ पर्याप्त आराम और संतुलित खानपान भी गर्मी से बचाव के लिए जरूरी माना जाता है।
Source: IANS

