क्या आप भी भूल जाते हैं जीभ की सफाई करना, यह आदत सेहत के लिए है बड़ा खतरा

नई दिल्ली, 29 मार्च। सुबह का समय शरीर के लिए सबसे जरूरी समय होता है, क्योंकि इस वक्त शरीर विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने के लिए काम कर रहा होता है। ऐसे में सुबह उठते ही लोग सबसे पहले दांतों की सफाई करते हैं। कुछ लोग दांतों की सफाई करते हैं, लेकिन रोजाना जीभ की सफाई करना भूल जाते हैं। अगर आप भी यही गलती करते हैं तो यह आदत आपकी सेहत को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकती है। 

सुबह उठते समय जीभ पर जो सफेद परत दिखती है, वह टॉक्सिन को दिखाती है। दांतों को साफ करने के साथ-साथ रोजाना जीभ को साफ करना भी जरूरी है। अगर ऐसा नहीं किया तो ये टॉक्सिन वापस पेट में चले जाते हैं और पाचन से जुड़े विकार भी परेशान करने लगते हैं। इसके साथ मुंह से बदबू आना, ठीक से स्वाद महसूस न कर पाना, शरीर में बैक्टीरिया का बढ़ना, पाचन की समस्या होना और दांतों का कमजोर होना जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

आयुर्वेद में जीभ को साफ करना भले ही एक छोटी आदत माना गया है लेकिन यह छोटी सी आदत पूरे शरीर को बीमारियों से बचा सकती है। आयुर्वेद में जिह्वा शोधन के आसान तरीके बताए हैं। सबसे पहले जीभ को टंग क्लिनर से हल्के हाथों से साफ करें और ऐसा दो से तीन बार करें। उसके बाद ब्रश से दांतों को साफ करें और कुल्ला करके मुंह को साफ करें। आखिर में ऑयल पुलिंग करें। मुंह के अंदर नारियल का तेल लेकर कुछ देर घुमाएं और कुल्ला कर दें। इससे मुंह पूरी तरह स्वच्छ हो जाएगा और जिह्वा पर लगे बैक्टीरिया भी कम होंगे।

इससे मुंह की दुर्गंध बेहतर होगी, बैक्टीरिया कम होंगे और धीरे-धीरे पाचन भी सुधरेगा। इस छोटी सी आदत से शरीर में कुछ ही दिनों में बड़े बदलाव देखने को मिल जाएंगे। जिह्वा हमारे शरीर का अहम हिस्सा है और इसका कनेक्शन पाचन से जुड़ा है। मुंह की स्वच्छता पाचन से जुड़ी होती है, क्योंकि मुंह में बनने वाली स्वस्थ लार खाने को पचाने में अहम भूमिका निभाती है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement