नोएडा सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, मेट्रो के सामने कूदा व्यक्ति
नोएडा के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति अचानक मेट्रो के सामने ट्रैक पर पहुंच गया। समय रहते मेट्रो स्टाफ और पुलिस की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और व्यक्ति की जान बचा ली गई।

नोएडा, 2 जून । नोएडा के सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति अचानक मेट्रो के सामने ट्रैक पर पहुंच गया। समय रहते मेट्रो स्टाफ और पुलिस की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और व्यक्ति की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली की ओर जा रही मेट्रो संख्या 7449 जैसे ही सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर पहुंचने वाली थी, तभी एक व्यक्ति अचानक ट्रैक पर कूद गया। घटना को देखते ही मेट्रो के चालक और स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई की। ट्रेन को तुरंत रोका गया और आपातकालीन सुरक्षा प्रक्रिया लागू कर दी गई।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो को खाली कराया गया और स्टेशन पर मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद मेट्रो स्टाफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से ट्रैक पर पहुंचे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसकी उम्र लगभग 50 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस व्यक्ति की पहचान करने और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
इस घटना के कारण कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि, सुरक्षा जांच और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मेट्रो संचालन को सामान्य कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्टेशन पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
यह पूरा मामला नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र स्थित सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन का है। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिससे यात्रियों और मेट्रो प्रशासन ने राहत की सांस ली।
Source: IANS
