प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने बदली मध्य प्रदेश के दमोह में ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी

दमोह, 2 अगस्त । केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से मध्य प्रदेश के दमोह जिले में ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। इस योजना से महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवनशैली में बदलाव हुआ है।

महिलाओं को आंखों में जलन की समस्या, सांस लेने में तकलीफ और घंटों चूल्हे पर खाना बनाने की झंझट से छुटकारा मिला है। एलपीजी गैस की मदद से महिलाएं कम समय में भोजन तैयार कर पा रही हैं। इससे बच्चों को समय पर खाना मिल रहा है और महिलाएं अपने अन्य जरूरी कामों के लिए भी समय निकाल पा रही हैं।

बेलढाना गांव की रहने वाली केसर बाई केवट ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि खाना पकाते समय जो चूल्हे से धुंआ निकलता था, उससे आंखों में जलन होती थी। आंखों में इंफेक्शन हो चुका था। कई जगहों से मैंने आंखों का इलाज कराया। अभी भी दवाई चल रही है, लेकिन जब से गैस सिलेंडर कनेक्शन मिला है और गैस चूल्हे पर खाना पकाना शुरू किया है, तब से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत मिली है। हम प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं।

पडाझिर गांव की रहने वाली अनीता ने आईएएनएस को बताया कि उन्हें उज्ज्वल योजना का लाभ मिला है, जिससे वह बहुत खुश हैं। पहले मैं चूल्हे पर खाना बनाती थी, तो धुआं होता था और आंखों में जलन होती थी। अब गैस सिलेंडर मिलने से इसी पर खाना बनाती हूं।

धनगौर गांव की रहने वाली भारती अहिरवाल ने बताया कि दो साल पहले ही मैंने उज्ज्वल योजना का गैस कनेक्शन लिया है। जब गैस सिलेंडर भरवाते हैं, तो 300 रुपए की सब्सिडी मिल जाती है। पहले लकड़ी से खाना पकाते थे, तो चूल्हे से निकलने वाले धुंए से आंखों में जलन होती थी। महिलाओं के हित में जो फैसला केंद्र सरकार ले रही है वह हमारे लिए बहुत ही अच्छे हैं। मैं प्रधानमंत्री मोदी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter