खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा रद्द, वीडियो शेयर कर बोले-जल्द दोबारा आऊंगा

नई दिल्ली, 4 जून । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का गुरुवार को अल्मोड़ा दौरा रद्द् हो गया। खराब मौसम होने की वजह से अल्मोड़ा में राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं हो पाया और वे वापस पंतनगर लौट गए। इसके बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर वहां नहीं पहुंचने की वजह बताई।

उत्तराखंड की जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। आज सुबह मैं पंतनगर पहुंच गया था। वहां से हमें हेलिकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ इनकार कर दिया।"

राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है, मुझे आपसे बहुत सी बातें करनी थीं। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था।

उन्होंने कहा कि प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कई बार परिस्थितियां हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा। तब हम जल्दबाजी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे। जल्द ही मुलाकात होगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement