तेज आंधी-तूफान और झमाझम बारिश से मौसम सुहावना, जलभराव और गिरे पेड़ों ने बढ़ाई परेशानी

नोएडा, 4 जून । दिल्ली समेत नोएडा और आसपास के इलाकों में 4 जून को तेज आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दिलाई। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शुरू हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

हालांकि, इस बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोलकर रख दी। तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर पेड़ गिरने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा।

वहीं, बरौला हनुमान मूर्ति रोड पर भी भारी जाम की स्थिति बन गई, जहां वाहन रेंगते हुए नजर आए। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। सेक्टर-58 की मुख्य सड़क पर पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, सेक्टर-62 अंडरपास में भी जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए, जबकि चारपहिया वाहनों को भी सावधानीपूर्वक गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मानसून और बारिश से पहले नालों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ जाती है।

कई स्थानों पर नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया और उसकी निकासी नहीं हो सकी। इससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश ने जहां एक ओर मौसम को खुशनुमा बना दिया और गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर नोएडा अथॉरिटी की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए।

शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव और यातायात अव्यवस्था ने यह साफ कर दिया कि बरसात से निपटने के लिए किए गए इंतजाम अभी भी पर्याप्त नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी आंधी, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement