क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के की जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने किया नमन
स्वाधीनता सेनानी, भारतीय सशस्त्र क्रांति के जनक वासुदेव बलवंत फड़के की जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने नमन किया है।
नई दिल्ली, 4 नवंबर । स्वाधीनता सेनानी, भारतीय सशस्त्र क्रांति के जनक वासुदेव बलवंत फड़के की जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने नमन किया है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "महान स्वाधीनता सेनानी, भारतीय सशस्त्र क्रांति के जनक और असंख्य क्रांतिकारियों के प्रेरणास्रोत वासुदेव बलवंत फड़के जी के लिए मां भारती की स्वाधीनता और देशवासियों के स्वाभिमान की रक्षा से बढ़कर कुछ नहीं था। उन्होंने हर वर्ग और समाज के युवाओं को संगठित कर स्वाधीनता के संघर्ष के लिए संकल्पित किया। चाहे अकाल पीड़ितों की सहायता हो या युवाओं को शिक्षित और जागरूक करने के लिए ऐक्य वर्धिनी सभा की स्थापना, सेवा, संवेदना और राष्ट्रनिष्ठा से भरा उनका जीवन हर राष्ट्रप्रेमी के लिए राष्ट्रप्रथम का अक्षय कोष है। आदि क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के को उनकी जयंती पर नमन।"
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अग्रणी क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के की जयंती पर उन्हें विनम्र नमन।"
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, "सशस्त्र संगठन 'रामोशी' के नायक, महान स्वतंत्रता सेनानी, आद्य क्रांतिवीर वासुदेव बलवंत फड़के जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। मां भारती की सेवा करते हुए प्राणोत्सर्ग करने वाले वीर सपूत की गौरवगाथा सर्वदा युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। चरणों में प्रणाम!"
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, "स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी एवं सशस्त्र संगठन ‘रामोशी’ के नायक, महान क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका अदम्य साहस, त्याग और संघर्ष सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा, "सशस्त्र क्रांति के जनक, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संघर्ष की नींव रखी, वासुदेव बलवंत फड़के को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि!"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "मां भारती के महान सपूत, आदि स्वतंत्रता सेनानी, श्रद्धेय वासुदेव बलवंत फड़के जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले वासुदेव बलवंत फड़के जी का साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण सदैव हम सभी को प्रेरित करता रहेगा।"
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मां भारती के वीर सपूत, ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिलाने वाले सशस्त्र संगठन 'रामोशी' के नायक, अमर क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के जी की जयंती पर सादर नमन। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजातीय समाज को लामबंद कर क्रांति का अलख जगाने वाले महानायक का त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति हर भारतीय के दिल में सदा अमर रहेगी।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने एक्स पोस्ट में लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी वासुदेव बलवंत फड़के जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! मातृभूमि की स्वतंत्रता हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाला उनका त्यागमय जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।"
Source: IANS