'आपने राज्य को जंगल राज से मुक्त कराया', केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार की सराहना की

पटना, 5 मार्च। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले लगभग 20 वर्षों के शासन की खुलकर प्रशंसा की। यह बयान उस समय आया जब नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन के अगले चरण के लिए नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए, जिसमें वे विधानसभा से संसद की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही बिहार की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता भी साफ होता दिख रहा है। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'गरीबों का मसीहा' बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को 'जंगल राज' के दौर से बाहर निकालकर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया।

यह बयान उस समय आया जब अमित शाह, नीतीश कुमार के साथ संसद के उच्च सदन राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान मौजूद थे। इस मौके पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन भी किया।

अमित शाह ने कहा, “पिछले दो दशकों में नीतीश सरकार की जनता के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने बिहार को जंगल राज से मुक्त कर विकास और अच्छे शासन की दिशा में आगे बढ़ाया है।”

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के अपने आधिकारिक अकाउंट पर नीतीश कुमार के नामांकन दाखिल करने की तस्वीरें भी साझा कीं। शाह ने आगे कहा कि जनसेवा का उनका लंबा अनुभव और नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और प्रभावी बनाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी से एनडीए के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान नितिन नवीन, पूर्व अगिआंव विधायक शिवेश कुमार, केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा भी मौजूद थे। उपेंद्र कुशवाहा को एनडीए उम्मीदवार के रूप में आखिरी समय में भाजपा और सहयोगी दलों की उच्च स्तरीय चर्चा के बाद चुना गया।

बिहार की राजनीति से नीतीश कुमार का बाहर जाना एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, यह औपचारिक रूप से तब होगा जब 16 मार्च तक राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

नीतीश कुमार 2005 से अब तक रिकॉर्ड 10 बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। बीच में कुछ महीनों के लिए जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया गया था, जब जेडीयू को 2014 के लोकसभा चुनाव में झटका लगा था।

सीएम नीतीश कुमार ने अपने भावुक संदेश में बिहार की जनता का भरोसा और समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वे आगे भी लोगों के साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने के लिए काम करते रहेंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement