केरल चुनाव: कोच्चि में सीईसी ज्ञानेश कुमार ने लॉन्च किया 'जेन-जी एंथम', युवाओं को दिलाई शपथ

तिरुवनंतपुरम, 6 मार्च। आगामी केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार राज्य के दौरे पर हैं। उन्होंने शुक्रवार सुबह कोच्चि के गोश्री ब्रिज क्षेत्र का दौरा किया और यहां युवा मतदाताओं को 'मतदाता शपथ' दिलाई। इसके साथ ही, युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

भारतीय चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोच्चि में युवा मतदाताओं के साथ जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने गोश्री ब्रिज के पास युवा मतदाताओं को 'वोटर्स प्लेज' (मतदाता शपथ) दिलाई और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने युवा मतदाताओं के साथ गोश्री ब्रिज पर वॉक भी की।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने यहां 'जेन-जी एंथम' भी लॉन्च किया और युवा मतदाताओं से बातचीत करते हुए चल रहे मतदाता जागरूकता अभियानों का अवलोकन किया।

भारतीय निर्वाचन आयोग का एक प्रतिनिधिमंडल ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को केरल पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी शामिल हैं। गुरुवार को चुनाव आयोग के दल ने कोच्चि में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के दौरान दुर्बार हॉल ग्राउंड का दौरा किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आयोग 6 और 7 मार्च को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक करेगा।

कोच्चि पहुंचकर ज्ञानेश कुमार ने अपनी पुरानी यादें भी शेयर कीं। ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। वे जून 2001 से जुलाई 2004 तक एर्णाकुलम के जिला कलेक्टर रहे थे। लगभग 22 साल के बाद यहां लौटने पर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की और कहा, "मैं एर्नाकुलम के लोगों से कहना चाहता हूं कि कलेक्टर के रूप में सेवा देने के 22 साल बाद मैं फिर यहां आया हूं।"

बता दें कि 140 सदस्यीय केरल विधानसभा का कार्यकाल मई में पूरा हो रहा है। इससे पहले राज्य में विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं। वर्तमान में केरल में पिनाराई विजयन के नेतृत्व में सरकार चल रही है, जिन्हें आगामी चुनाव में कांग्रेस और भाजपा का सामना करना होगा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement