तेज हवाओं से साफ हुई एनसीआर की हवा, ज्यादातर इलाके येलो जोन में;

नोएडा, 6 मार्च। पिछले कई दिनों से चल रही तेज हवाओं का सकारात्मक असर अब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की हवा में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी यानी यलो जोन में पहुंच गया है।  

इससे लोगों को प्रदूषण से काफी हद तक राहत मिली है और एनसीआर के लोग अपेक्षाकृत स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं। मॉनिटरिंग स्टेशनों के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता मध्यम स्तर पर दर्ज की गई। 

अलीपुर में एक्यूआई 155, आनंद विहार में 229, अशोक विहार में 149, आया नगर में 135, बवाना में 160, बुराड़ी क्रॉसिंग में 132, कैंटोनमेंट एरिया में 140, चांदनी चौक में 181, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 140 और सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में 142 एक्यूआई दर्ज किया गया। इनमें से अधिकांश इलाके यलो जोन में हैं, जबकि आनंद विहार और चांदनी चौक जैसे कुछ क्षेत्रों में प्रदूषण अपेक्षाकृत ज्यादा बना हुआ है। 

वहीं नोएडा के मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सेक्टर-125 में एक्यूआई 158, सेक्टर-62 में 141, सेक्टर-1 में 160 और सेक्टर-116 में 160 दर्ज किया गया। यह सभी आंकड़े भी मध्यम श्रेणी में आते हैं, जिससे साफ है कि नोएडा में भी वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। 

गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। इंदिरापुरम में एक्यूआई 155, लोनी में 213, संजय नगर में 173 और वसुंधरा में 159 एक्यूआई दर्ज किया गया। इनमें लोनी क्षेत्र में प्रदूषण अपेक्षाकृत ज्यादा दर्ज किया गया, लेकिन बाकी इलाके मध्यम श्रेणी में रहे। मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कणों का जमाव कम हुआ, जिससे हवा साफ हुई है। 

हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि 7 और 8 मार्च को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन दिनों आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है और किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। 

विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे तापमान में बढ़ोतरी होगी, वैसे-वैसे मौसम धीरे-धीरे गर्मी की ओर बढ़ेगा। फिलहाल तेज हवाओं के चलते प्रदूषण में आई कमी से एनसीआर के लोगों को राहत मिली है और होली के आसपास लोगों को अपेक्षाकृत बेहतर वायु गुणवत्ता का लाभ मिला है। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter