15 अगस्त 2047 तक भारत दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र होगा: गृह मंत्री

बंबोलिम (गोवा), 7 सितंबर । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में गोवा पुलिस को 'प्रेसिडेंट्स कलर्स' सौंपने के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गोवा पुलिस को सम्मानित 'प्रेसिडेंट्स कलर्स' प्रदान करना मेरे लिए भी बहुत गर्व की बात है, क्योंकि आज आठ दशकों की गौरवशाली गोवा पुलिस सेवा और सम्मान के साथ राष्ट्रपति के दिए हुए निशान के साथ देशभर की पुलिस की कतार में खड़ी है। ये हम सबके लिए बहुत गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि ये गौरव जिन-जिन राज्यों की पुलिस को मिला है, पुलिस के उस गौरवशाली इतिहास, पेशवेर उत्कृष्ठता, साहस और अनुशासन और समर्पण के कारण ही राष्ट्रपति ने गोवा को 'प्रेसिडेंट्स कलर्स' से सम्मानित करने का काम किया है। गोवा छोटा परंतु बहुत महत्वपूर्ण राज्य है और गोवा की पुलिस को सुरक्षित शहर, सुरक्षित समुदाय और सुरक्षित समुद्री सीमाएं ये तीनों दायित्व गोवा राज्य की रचना के साथ ही प्राप्त हुए हैं। गोवा राज्य की रचना के बाद गोवा पुलिस ने अपने दायित्व को भली-भांति निभाया है। विकसित राष्ट्र की यह पहली शर्त होती है कि राष्ट्र की आंतरिक और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो जाए। गोवा पुलिस को आंतरिक और सीमाओं की सुरक्षा करने का गौरव मिला है। गोवा की लंबी समुद्री सीमा की सुरक्षा भी गोवा पुलिस के कंधे पर है।

अमित शाह ने कहा कि इस मौके पर मैं अमर शहीदों को भी याद करना चाहता हूं, जिनके देश के प्रति समर्पण ने ही गोवा पुलिस को सुनिश्चित रूप से ये गौरव प्रदान करने में बहुत बड़ी मदद की है। आज हम देख रहे हैं कि देश के कूटनीतिक विषयों में भारत की पहुंच लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले एक वर्ष में पूरी दुनिया का कूटनीतिक क्षेत्र यूक्रेन और रूस और गल्फ देशों और ईरान के युद्ध के कारण बहुत उथल-पुथल मचती रही है। एक साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 देशों की यात्रा की और लगभग 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत में आए। एक साल में पूरी दुनिया उथल-पुथल के कारण अपने आर्थिक विकास पशोपेश में थी, तब हमने संवाद करके रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से अपनी आर्थिक ग्रोथ को बरकार रखा। यही कारण है कि इस साल की पहली तिमाही हमारी जीडीपी ग्रोथ 7.8 प्रतिशत की रिकॉर्ड ऊंचाई पर दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि विश्व की कोई भी समस्या हो, पूरी दुनिया ये देखती है कि इस मसले पर भारत के प्रधानमंत्री का नजरिया क्या है। लंबे अरसे के बाद विश्व में भारत को ये सम्मान दिलाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में भारत को विकसित बनाने की कल्पना हम सबके सामने रखी है। जब विकसित भारत की आजादी के 100 साल पूरे होंगे तब भारत हर क्षेत्र के अंदर पूरे संसार में सर्वप्रथम हो। इस प्रकार के विकसित भारत की संकल्पना प्रधानमंत्री मोदी ने रखी है। आज देश के हर नागरिक को ये लगता है कि 15 अगस्त 2047 तक हम वाकई दुनिया के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र होंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter