केरल के सीएम पर सस्पेंस बरकरार, तीन घंटे की बैठक के बाद भी नहीं निकला

नई दिल्ली, 9 मई । केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बरकरार है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर करीब तीन घंटे तक चली उच्च स्तरीय बैठक के बाद भी पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान नहीं किया।

पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर छोड़ा गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) केरल प्रभारी दीपादास मुंशी ने कहा कि आधिकारिक घोषणा “उचित समय पर” की जाएगी।

बैठक में केरल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नितला समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। यह बैठक राज्य में कांग्रेस के मजबूत प्रदर्शन के बाद नेतृत्व परिवर्तन को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से बुलाई गई थी।

हालांकि, लंबी चर्चा और लगातार विचार-विमर्श के बावजूद पार्टी ने फैसला सार्वजनिक नहीं किया, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि अभी और आंतरिक बातचीत हो सकती है।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दीपादास मुंशी ने कहा, “नाम की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। हमारे पास 23 मई तक का समय है, इसलिए उससे पहले कभी भी ऐलान हो सकता है।”

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व सभी पहलुओं पर सावधानीपूर्वक विचार कर रहा है, जिसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इस बीच, वीडी सतीशन ने केरल के कुछ हिस्सों में हुए विरोध प्रदर्शनों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं। हम पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हैं कि वे संयम बनाए रखें और ऐसी गतिविधियों से बचें।”

उनकी अपील का समर्थन केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नितला ने भी किया। दोनों नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और धैर्य बनाए रखने की अपील की।

बैठक के बाद तीनों नेता कुछ समय के लिए फिर खड़गे के आवास लौटे और बाद में वहां से रवाना हो गए।

रमेश चेन्निथला ने कहा कि वह रविवार को केरल लौटेंगे। उन्होंने कहा, “हमने राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ सभी मुद्दों पर चर्चा कर ली है। अब अंतिम फैसला वही करेंगे।”

फिलहाल मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों को लेकर अटकलों का दौर जारी है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व संगठनात्मक एकता और सहमति का संदेश देना चाहता है। अब सबकी नजरें कांग्रेस नेतृत्व के अगले ऐलान पर टिकी हैं, जिसका इंतजार पूरा केरल कर रहा है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter