महाराष्ट्र: हिंगोली में 4.7 तीव्रता का भूकंप, वाशिम और रिसोड में भी महसूस हुए झटके

हिंगोली, 11 अप्रैल। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र स्थित हिंगोली जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई है। इसके साथ ही पड़ोसी जिलों नांदेड़ और परभणी के भी कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। 

जानकारी के अनुसार भूकंप में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पांगरा शिंदे गांव के कुछ हिस्सों में भूकंप का असर देखने को मिला है। यहां कुछ घरों और सामूदायिक केंद्रो की दीवारों में दरार देखने को मिली हैं। 

हिंगोली जिले में आज सुबह करीब 8 बजकर 44 मिनट पर 4.7 रिक्टर स्केल की तीव्रता का भूकंप आया। इसके हल्के झटके वाशिम जिले के वाशिम और रिसोड तहसील के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। हालांकि, इस घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है, ऐसी जानकारी प्रशासन की ओर से दी गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें। साथ ही अफवाहों और अप्रमाणित खबरों पर विश्वास न करने की भी सलाह दी गई है। फिलहाल, आपदा प्रबंधन टीम सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वहीं, नादेंड़ जिला अधिकारियों ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई थी। उन्होंने नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की एक रीड़िंग का हवाला देते हुए कहा कि भूकंप शनिवार सुबह 8.45 बजे दर्ज किया गया। जिलाधिकारी ने आगे बताया कि भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव में भूमि से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। 

इससे पहले 4 अप्रैल को अफगानिस्तान में 5.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए। अफगानिस्तान नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ हम्माद ने बताया कि उत्तरी अफगानिस्तान में आए इस भूकंप में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई।

हम्माद ने शुक्रवार देर रात बताया कि भूकंप के बाद काबुल प्रांत में एक घर गिर गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हो गया।

राजधानी काबुल में भी तेज झटके महसूस किए गए। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र शुरू में 36.55 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.85 डिग्री पूर्वी देशांतर पर पाया गया। इसके अलावा भूकंप की गहराई 186.4 किलोमीटर थी।

शुक्रवार रात दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में घबराहट फैल गई और वे घरों और ऑफिस की बिल्डिंग से बाहर निकल आए।

दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और आस-पास के इलाकों सहित कई जगहों से भूकंप के झटके महसूस किए गए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement